What to Do If Your Phone Is Stolen: काम की बात सीरीज में हम रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी ऐसी छोटी-बड़ी परेशानियों के आसान और काम के समाधान बताते हैं, जो कभी भी आपके सामने आ सकती हैं. इसी कड़ी में आज बात करेंगे फोन चोरी हो जाने की, क्योंकि आज मोबाइल सिर्फ कॉल और मैसेज तक सीमित नहीं है.
इसमें बैंक अकाउंट, UPI, सोशल मीडिया, ईमेल, फोटो और कई जरूरी दस्तावेजों की जानकारी रहती है. ऐसे में फोन चोरी हो जाए तो उसे ढूंढने से पहले अपनी निजी जानकारी और पैसों को सुरक्षित करना जरूरी है. इसलिए आज जानेंगे वो 5 जरूरी काम, जिन्हें फोन चोरी होते ही तुरंत (What to Do If Your Phone Is Stolen) करना चाहिए, ताकि आगे किसी बड़ी परेशानी से बचा जा सके.
1. सबसे पहले फोन को लॉक करें
फोन चोरी होते ही किसी दूसरे मोबाइल या कंप्यूटर से उसे ट्रैक और लॉक करने की कोशिश करें.
- Android फोन में Google Find Hub की मदद से डिवाइस की लोकेशन देखी जा सकती है और उसे लॉक किया जा सकता है.
- iPhone में Find My के जरिए फोन को Lost Mode में डाल सकते हैं.
- फोन की लोकेशन दिखाई दे रही हो, तो खुद चोर के पास जाकर फोन लेने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में पुलिस की मदद लेना ज्यादा सुरक्षित है.
- अगर फोन वापस मिलने की उम्मीद नहीं है, तो रिमोटली डेटा डिलीट करने का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
Google और Apple दोनों ही चोरी हुए डिवाइस को तुरंत सुरक्षित करने की सलाह देते हैं.
2. SIM तुरंत ब्लॉक करवाएं (What to Do If Your Phone Is Stolen)
- अपने नंबर को ब्लॉक करवाएं.
- उसी नंबर का नया SIM जारी करवाएं.
- इससे OTP और दूसरे जरूरी मैसेज के गलत इस्तेमाल का जोखिम कम किया जा सकता है.
- नया SIM मिलने के बाद अपने जरूरी अकाउंट्स में लॉगिन करके सुरक्षा सेटिंग्स भी जांच लें.
खासकर अगर आपका मोबाइल नंबर बैंक और UPI से जुड़ा है, तो इस कदम में देरी नहीं करनी चाहिए.
3. बैंक और UPI को तुरंत सुरक्षित करें
फोन में अगर बैंकिंग, UPI या वॉलेट ऐप लॉगिन थे, तो इस काम को बिल्कुल नजरअंदाज न करें.
- दूसरे फोन से अपने बैंक अकाउंट की गतिविधि चेक करें.
- किसी अनजान ट्रांजैक्शन पर तुरंत बैंक को जानकारी दें.
- जरूरत पड़ने पर UPI या बैंकिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से ब्लॉक करवाएं.
- अपने जरूरी अकाउंट्स के पासवर्ड बदल दें.
अगर फोन चोरी होने के बाद आपके साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो गई है, तो भारत सरकार के National Cyber Crime Reporting Portal के अनुसार तुरंत 1930 पर शिकायत की जा सकती है.
4. पुलिस में शिकायत करें और IMEI नंबर संभालकर रखें
फोन चोरी होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराना भी जरूरी है. इसके लिए फोन का IMEI नंबर काफी काम आता है.
IMEI नंबर आपको इन जगहों से मिल सकता है:
- फोन के बॉक्स पर
- खरीदारी के बिल पर
- डिवाइस से जुड़ी कुछ अकाउंट सेटिंग्स में
पुलिस शिकायत में IMEI नंबर और फोन की दूसरी जरूरी जानकारी दें. शिकायत की कॉपी या नंबर भी संभालकर रखें, क्योंकि आगे CEIR में फोन ब्लॉक कराने के दौरान इसकी जरूरत पड़ सकती है.
5. Sanchar Saathi CEIR से फोन ब्लॉक करें
- पुलिस शिकायत करने के बाद भारत सरकार के संचार साथी के CEIR सिस्टम से चोरी हुए फोन का IMEI ब्लॉक करने का अनुरोध किया जा सकता है.
- इसके लिए आमतौर पर फोन का IMEI, मोबाइल नंबर और पुलिस शिकायत से जुड़ी जानकारी जैसी चीजों की जरूरत पड़ती है.
- CEIR के जरिए चोरी या खोए हुए मोबाइल को भारतीय मोबाइल नेटवर्क पर इस्तेमाल होने से रोकने की सुविधा मिलती है.
- फोन मिल जाने की स्थिति में CEIR के जरिए ब्लॉक किए गए डिवाइस को अनब्लॉक करने का विकल्प भी उपलब्ध है.
फोन चोरी होने के बाद ये गलती बिल्कुल न करें
अगर फोन की लोकेशन किसी अनजान जगह दिखाई दे रही है, तो अकेले वहां जाकर फोन वापस लेने की कोशिश न (What to Do If Your Phone Is Stolen) करें. इसी तरह किसी अनजान व्यक्ति के कॉल या मैसेज पर अपना OTP, पासवर्ड, बैंक डिटेल या स्क्रीन लॉक कोड शेयर न करें. फोन चोरी होने के बाद जितनी जल्दी ये 5 काम किए जाएंगे, उतना ही आपकी निजी जानकारी और पैसों को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: गैस चूल्हे की नीली आंच पड़ गई पीली? नजरअंदाज करने की गलती न करें, जानें वजह
