Wall Cleaning Hacks: जिन घरों में छोटे बच्चे होते हैं, उन घरों की दीवारों पर पेंसिल की लाइनें, रंग-बिरंगे क्रेयॉन के निशान और हाथों के गंदे दागों का दिखना बहुत ही आम बात है. छोटे बच्चों के लिए घर की जो दीवारें होती हैं, वही उनकी सबसे पहली ड्राइंग शीट बन जाती हैं. लेकिन जब घर की नई और सुंदर पेंट की हुई दीवारों पर इन निशानों की गंदगी जम जाती है, तो इसे देखकर पेरेंट्स की टेंशन बढ़ जाती है और वे सोचने लगते हैं कि इन जिद्दी दागों से छुटकारा कैसे पाया जा सकता है.
दीवारों की सफाई करते समय सबसे बड़ा डर इस बात का होता है कि कहीं पेंट ही बाहर न निकल जाए और दीवारों का रंग फीका न दिखने लग जाए. अगर आपके घर की भी यही कहानी है, तो अब आपको और टेंशन लेने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. आप चाहें तो अपने घर पर ही मौजूद कुछ बेहद सिंपल सी चीजों का इस्तेमाल करके इन जिद्दी दागों और निशानों से मिनटों में छुटकारा पा सकते हैं. जब आप इन चीजों का इस्तेमाल करेंगे, तो घर की दीवारें बिना डैमेज हुए चमक उठेंगी. तो चलिए जानते हैं इन चीजों को इस्तेमाल करने का सबसे सही तरीका.
पेंसिल के निशान हटाने का सबसे आसान तरीका
पेंसिल से बने निशानों को साफ करना सबसे ज्यादा आसान होता है क्योंकि इसकी जो लीड होती है, वह ग्रेफाइट से बनी हुई होती है. अगर पेंसिल के निशान बहुत ही हल्के हैं, तो इसे मिटाने के लिए आपको सिर्फ बच्चों की स्कूल वाली पेंसिल इरेजर यानी कि रबर को लेना है और फिर उसे बिल्कुल ही हल्के हाथों से निशान पर रगड़ना है. इस बात का ख्याल हमेशा रखें कि इसे बहुत ही ताकत लगाकर निशान के ऊपर घिसना नहीं है.
इसके अलावा पेंसिल के दागों से छुटकारा पाने का एक और मजेदार तरीका है व्हाइट टूथपेस्ट का इस्तेमाल करना. इसके लिए सबसे पहले अपनी उंगली पर थोड़ा सा व्हाइट पेस्ट लें और उसे पेंसिल से बने निशान पर लगा दें. इसके बाद करीबन 2 मिनट तक इंतजार करें और फिर एक हल्के गीले कपड़े से पोंछ लें. अगर पेंसिल के ये दाग बहुत ही पुराने हैं, तो इनसे छुटकारा पाने के लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा पानी मिक्स करके एक पेस्ट तैयार कर लें. अब इसी पेस्ट को स्पंज पर लगाकर दीवार पर धीरे-धीरे घुमाएं. कुछ ही देर में आप देखेंगे कि पेंसिल के निशान पूरी तरह से गायब हो चुके हैं.
तेल और गंदे हाथों के चिपचिपे निशान कैसे चमकाएं?
अक्सर जो छोटे बच्चे होते हैं वे खेल-कूदकर के आने के बाद या फिर खाना खाते-खाते अपने गंदे हाथों से ही दीवारों पर हाथ लगा देते हैं. इसकी वजह से अक्सर देवरों पर पसीने, तेल और गंदगी की काले-काले निशान बनने लगते हैं. अगर आपके घर की दीवारों पर भी इसी तरह के दाग या निशान बन गए हैं तो इन्हें साफ करने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें 4 से 5 बूंद बर्तन धोने वाला लिक्विड साबुन मिला लें. अब एक साफ स्पंज को इस पानी में डुबोएं और उसे बहुत अच्छी तरह निचोड़ लें ताकि उसमें ज्यादा पानी न रहे. अब इस स्पंज से दीवार के गंदे हिस्से को हल्के हाथों से साफ करें और तुरंत बाद किसी सूखे कपड़े से सुखा दें. अगर तेल के निशान बहुत चिपचिपे हैं, तो पानी में थोड़ा सा व्हाइट विनेगर मिला लें. विनेगर चिपचिपाहट और तेल को तुरंत काट देता है और दीवार बिल्कुल नई जैसी चमकने लगती है.
वैक्स क्रेयॉन को साफ करने का सबसे आसान तरीका
छोटे बच्चों को वैक्स क्रेयॉन से दीवारों पर ड्राइंग बनाना बहुत ही ज्यादा अच्छा लगता है. क्योंकि क्रेयॉन में वैक्स यानी कि मोम होता है, इसलिए इसे आप सिर्फ पानी की मदद से साफ नहीं कर पाएंगे. इन दागों को हटाने के लिए आपको अपने दिमाग का इस्तेमाल करना होगा और गर्मी का इस्तेमाल करना होगा. दीवारों पर लगे इन दागों से छुटकारा पाने के लिए आपको हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करना चाहिए. सबसे पहले हेयर ड्रायर उठा लें और उससे क्रेयॉन के निशान पर थोड़ी देर गर्म हवा मारें. इस गर्मी से दीवार पर लगा वैक्स पिघलने लगेगा और जैसे ही यह थोड़ा सॉफ्ट हो जाए, तुरंत एक टिश्यू पेपर या फिर कॉटन के कपड़े से पोंछकर इन दागों को हटा दें. इसके बाद जो हल्का-फुल्का रंग दीवार पर रह जाए, उसे बेकिंग सोडा और बर्तन धोने वाले साबुन के घोल से कपड़े की मदद से साफ कर लें.
दीवारों को साफ करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी
जब आप घर की दीवारों को साफ कर रह होते हैं तो उस समय आपको कुछ छोटी-छोटी गलतियों को करने से बचना चाहिए ताकि दीवारों का रंग डैमेज होने से बचा हुआ रहे. जब भी आप दीवारों को साफ करने के लिए कोई नुस्खा अपनाने जाएं तो सबसे पहले उसे दीवार के किसी ऐसे कोने पर ट्रॉय करें जो सोफे या दरवाजे के पीछे छिपा हो. ऐसा करने से आपको पता चल जाएगा कि पेंट तो नहीं निकल रहा. दूसरी बात, सफाई के दौरान कपड़े या स्पंज में बहुत ज्यादा पानी न रखें. अगर पानी दीवार के अंदर चला गया तो दीवार में सीलन आ जाएगी और पेंट में पपड़ी बनकर झड़ने लगेगा. आखिरी बात, दीवार पर कभी भी बर्तन घिसने वाला तार, कड़ा ब्रश या हार्पिक जैसे स्ट्रॉन्ग केमिकल का इस्तेमाल न करें. हमेशा सॉफ्ट माइक्रोफाइबर कपड़े या स्पंज का ही इस्तेमाल करें और बहुत हल्के प्रेशर के साथ गोल-गोल घुमाते हुए पोंछें.
ये भी पढ़ें: गंदगी से काले पड़ गए हैं स्विच बोर्ड और दरवाजों के हैंडल? घर पर बने इस क्लीनर से लौटाएं नई जैसी चमक
