अगर आप 2026 में विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो फ्लाइट टिकट बुक करने से पहले वीजा और एंट्री नियम जरूर जांच लें. कई देशों ने भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा आवेदन और प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव किए हैं. ऐसे में पुरानी जानकारी के भरोसे यात्रा की तैयारी करना परेशानी खड़ी कर सकता है.
श्रीलंका में भारतीयों के लिए मुफ्त ETA
श्रीलंका ने भारतीय यात्रियों के लिए एंट्री प्रक्रिया में बदलाव किया है. 25 मई 2026 से भारत समेत 40 देशों के नागरिकों को 30 दिन का मुफ्त टूरिस्ट ETA उपलब्ध है. हालांकि, यात्रा से पहले ETA लेना जरूरी है. भारतीय नागरिकों को 30 दिन के लिए दो बार प्रवेश की सुविधा मिलती है.
ईरान में अब ई-वीजा पर ध्यान
ईरान जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए भी वीजा प्रक्रिया में बदलाव हुआ है. पहले वीजा-ऑन-अराइवल से जुड़ी सुविधा का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन अब यात्रियों को ई-वीजा प्रक्रिया के तहत आवेदन करना पड़ सकता है. यात्रा से पहले मौजूदा नियमों की पुष्टि करना जरूरी है.
चिली में डिजिटल हुआ वीजा प्रोसेस
चिली ने भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा प्रक्रिया को डिजिटल किया है. अब यात्रियों के लिए ई-वीजा का विकल्प उपलब्ध है. आवेदन करने से पहले पात्रता, जरूरी दस्तावेज और प्रवेश की शर्तों की जानकारी आधिकारिक माध्यम से जरूर जांच लें.
लाओस जाने से पहले ऑनलाइन प्रक्रिया देखें
लाओस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ई-वीजा की सुविधा उपलब्ध है. हालांकि, सभी एंट्री पॉइंट पर नियम एक जैसे नहीं हो सकते. इसलिए यात्रा से पहले यह देखना जरूरी है कि जिस रास्ते से आप लाओस पहुंच रहे हैं, वहां आपका वीजा मान्य है या नहीं.
घाना और वेनेजुएला के नियम भी बदले
घाना और वेनेजुएला ने भी भारतीय यात्रियों के लिए वीजा प्रक्रिया में बदलाव किए हैं. दोनों देशों में भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए ई-वीजा का विकल्प उपलब्ध है. इससे यात्रा से पहले ऑनलाइन आवेदन करना संभव हो जाता है.
टिकट बुक करने से पहले जरूर करें ये काम
विदेश जाने से पहले संबंधित देश की आधिकारिक इमिग्रेशन या दूतावास की वेबसाइट पर ताजा नियम जरूर चेक करें. पासपोर्ट, वीजा या ETA की मंजूरी, वापसी का टिकट और जरूरत पड़ने पर आर्थिक स्थिति से जुड़े दस्तावेज तैयार रखें. वीजा नियम कभी भी बदल सकते हैं, इसलिए अंतिम समय पर परेशानी से बचने के लिए जानकारी पहले ही पक्की कर लें.
यह भी पढ़ें: पार्टनर से कभी घंटों होती थी बातें, अब सिर्फ जरूरी काम ? रिश्ते में नजदीकियां बढ़ाने के लिए करें ये काम
