फ्रिज में सब्जियां रखने का मतलब यह नहीं है कि वे हमेशा ताजी रहेंगी. कई बार फ्रिज में रखने के बावजूद सब्जियां कुछ ही दिनों में नरम पड़ने लगती हैं. उन पर पानी की बूंदें जमा हो जाती हैं और धीरे-धीरे गलने या फफूंद लगने की समस्या शुरू हो जाती है. ऐसे में सब्जियों को फ्रिज में रखने का सही तरीका जानना जरूरी है.
फ्रिज में रखने से पहले सब्जियां न धोएं
सब्जियों को खरीदने के बाद तुरंत धोकर फ्रिज में रखने की आदत छोड़ दें. धोने के बाद बची हुई नमी सब्जियों को जल्दी खराब कर सकती है. बेहतर होगा कि सब्जियों को इस्तेमाल करने से ठीक पहले धोया जाए. अगर पहले धोना जरूरी हो, तो उन्हें अच्छी तरह सुखाकर ही फ्रिज में रखें.
पेपर टॉवल का छोटा सा हैक आएगा काम
सब्जियों को स्टोर करते समय एक आसान तरीका आजमा सकते हैं. जिस कंटेनर या बैग में सब्जियां रख रहे हैं, उसमें पेपर टॉवल या साफ पेपर नैपकिन की एक परत रख दें. यह अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करेगा. अगर पेपर गीला हो जाए, तो उसे बदल दें. खासकर हरी पत्तेदार सब्जियों के लिए यह तरीका काफी काम का हो सकता है.
सब्जियों को काटकर स्टोर न करें
जहां तक संभव हो, सब्जियों को पूरा ही फ्रिज में रखें. काटी हुई सब्जियां जल्दी खराब हो सकती हैं. इसलिए जरूरत के हिसाब से सब्जी निकालें और तभी काटें. अगर पहले से काटकर रखना जरूरी है, तो उन्हें साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में रखें और जल्दी इस्तेमाल करें.
सब्जियों को एक साथ ठूंसकर न रखें
फ्रिज के क्रिस्पर में सब्जियों को बहुत ज्यादा भरने से हवा का आवागमन कम हो सकता है. इससे नमी बढ़ती है और सब्जियां जल्दी खराब हो सकती हैं. हरी पत्तेदार सब्जियों को दूसरी सब्जियों से थोड़ा अलग रखना बेहतर है.
खराब सब्जी तुरंत निकाल दें
फ्रिज में रखी सब्जियों को बीच-बीच में चेक करते रहें. अगर किसी सब्जी पर फफूंद या सड़ने के निशान दिखें, तो उसे तुरंत अलग कर दें. एक खराब सब्जी आसपास रखी दूसरी चीजों को भी प्रभावित कर सकती है.
इस तरह थोड़ी सी सावधानी और सही स्टोरेज से सब्जियों को ज्यादा समय तक ताजा रखा जा सकता है और खाने की बर्बादी भी कम होगी.
यह भी पढ़ें: बिस्किट लंबे समय तक रहेंगे क्रिस्पी, स्टोर करते समय अपनाएं ये ट्रिक
