Parenting Tips: हर माता-पिता अपने बच्चे को अच्छी परवरिश देना चाहते हैं. वे चाहते हैं कि बच्चा खुलकर अपनी बात कहे, आत्मविश्वासी बने और हर परिस्थिति का सामना कर सके. लेकिन कई बार अनजाने में की गई कुछ छोटी-छोटी गलतियां बच्चों के मन पर गहरा असर छोड़ देती हैं. अगर समय रहते इन आदतों को नहीं बदला जाए, तो बच्चा अपनी भावनाएं छिपाने लगता है और उसका आत्मविश्वास भी कमजोर हो सकता है. आइए जानते हैं ऐसी 5 पैरेंटिंग गलतियों के बारे में, जिनसे हर माता-पिता को बचना चाहिए.
1. बच्चे की बात और खुशी को नजर अंदाज करना
जब बच्चा खुशी-खुशी अपनी ड्राइंग, स्कूल की कोई बात या अपनी छोटी-सी उपलब्धि बताने आता है और उसे हर बार "अभी नहीं" "बाद में बात करेंगे" या "मैं व्यस्त हूं" जैसा जवाब मिलता है, तो उसे लगने लगता है कि उसकी बातें जरूरी नहीं हैं. धीरे-धीरे वह अपनी खुशियां और परेशानियां बताना कम कर देता है. इसलिए जब भी बच्चा आपसे कुछ साझा करना चाहे, उसे ध्यान से सुनने की कोशिश करें.
2. उसकी भावनाओं को हल्के में लेना
बच्चों की परेशानियां भले ही बड़ों को छोटी लगें, लेकिन उनके लिए वही बातें बहुत मायने रखती हैं. अगर बच्चा रो रहा है या दुखी है और आप कह दें कि "इतनी सी बात पर क्यों रो रहे हो", तो उसे लग सकता है कि उसकी भावनाओं की कोई अहमियत नहीं है. बेहतर होगा कि पहले उसकी बात पूरी सुनें और उसे समझाने की कोशिश करें. इससे बच्चा खुद को सुरक्षित और समझा हुआ महसूस करेगा.
3. बार-बार वादा करके पूरा न करना
बच्चे अपने माता-पिता पर सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं. अगर आप उनसे कहीं घूमने, खेलने या कोई चीज दिलाने का वादा करते हैं और बार-बार उसे टाल देते हैं, तो उनका भरोसा धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है. अगर किसी कारण से प्लान बदल जाए, तो बच्चे को प्यार से उसकी वजह जरूर बताएं. इससे उसे लगेगा कि उसकी भावनाओं का सम्मान किया जा रहा है.
4. हर बात पर डांटने की आदत
कई बार बच्चे जिद करते हैं, गुस्सा दिखाते हैं या चिड़चिड़े हो जाते हैं. इसके पीछे कोई इमोशनल कारण भी हो सकता है. ऐसे समय बिना वजह जाने सिर्फ डांटना सही तरीका नहीं है. पहले यह समझने की कोशिश करें कि बच्चा ऐसा व्यवहार क्यों कर रहा है. जब आप उसकी परेशानी समझेंगे, तभी उसका सही समाधान भी निकाल पाएंगे.
5. सबके सामने डांटना या शर्मिंदा करना
गलतियां करना सीखने का हिस्सा है. लेकिन अगर बच्चे को रिश्तेदारों, दोस्तों या दूसरे लोगों के सामने डांटा जाए या उसका मजाक उड़ाया जाए, तो इससे उसका आत्मसम्मान प्रभावित हो सकता है. ऐसी स्थिति में बच्चा खुद पर भरोसा खोने लगता है और आगे चलकर लोगों के सामने अपनी बात कहने से भी डर सकता है.
बच्चों को सबसे ज्यादा क्या चाहिए?
बच्चों को महंगे खिलौनों या हर सुविधा से ज्यादा जरूरत अपने माता-पिता के प्यार, भरोसे और समझ की होती है. जब आप उनकी बात ध्यान से सुनते हैं, उनकी भावनाओं को समझते हैं और उन्हें सम्मान देते हैं, तो उनका आत्मविश्वास अपने आप बढ़ने लगता है.
यह भी पढ़ें: पैरेंटिंग टिप्स: हर माता-पिता को अपनानी चाहिए ये 5 आदतें, बच्चों में अपने आप आएंगे अच्छे संस्कार
