Money Plant Vastu: घर को हरा-भरा और खूबसूरत बनाने के लिए मनी प्लांट सबसे पसंदीदा पौधों में से एक है. इसे मिट्टी के साथ-साथ पानी में भी आसानी से उगाया जा सकता है. कई लोग मनी प्लांट को धन और खुशहाली से जोड़कर देखते हैं और वास्तु के हिसाब से इसे घर में रखने की जगह तय करते हैं.
वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ बाबा बिमलेश बताते हैं कि अगर आपने भी घर में मनी प्लांट लगाया है, तो बोतल से लेकर उसकी दिशा तक कुछ बातों का ध्यान आपको रखना चाहिए.
मनी प्लांट के लिए कैसी बोतल चुनें?
वास्तु मान्यताओं के अनुसार पानी में मनी प्लांट लगाने के लिए हरे या नीले रंग की कांच की बोतल को अच्छा माना जाता है. हरा रंग हरियाली और विकास से जुड़ा माना जाता है, जबकि नीला रंग शांति और स्थिरता का प्रतीक माना जाता है.
हालांकि, अगर आपके पास रंगीन बोतल नहीं है, तो साफ कांच की बोतल में भी पौधा लगाया जा सकता है. बस ध्यान रखें कि बोतल बहुत छोटी न हो और उसकी जड़ों को पर्याप्त जगह मिले.
प्लास्टिक की बोतल से क्यों बचें?
वास्तु के अनुसार मनी प्लांट के लिए प्लास्टिक की बोतल की जगह कांच की बोतल इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है. लेकिन पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए बोतल से ज्यादा जरूरी है कि पानी साफ हो, जड़ों को जगह मिले और पौधे को पर्याप्त रोशनी मिले.
किस दिशा में रखें मनी प्लांट?
वास्तु में मनी प्लांट के लिए दक्षिण-पूर्व दिशा यानी आग्नेय कोण को शुभ माना जाता है. वहीं, इसे उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में रखने से बचने की सलाह दी जाती है. पौधा ऐसी जगह रखें जहां उसे हल्की और पर्याप्त रोशनी मिलती रहे.
बेल को जमीन पर न फैलने दें
मनी प्लांट की बेल जब बड़ी होने लगे तो उसे नीचे जमीन पर फैलने देने के बजाय किसी स्टैंड, दीवार या सपोर्ट का सहारा दें. वास्तु मान्यता में बेल का जमीन को छूना अच्छा नहीं माना जाता. इससे पौधा भी ज्यादा व्यवस्थित और सुंदर दिखता है.
पानी बदलते रहें
पानी में लगे मनी प्लांट के लिए साफ पानी बहुत जरूरी है. पानी गंदा या बदबूदार होने लगे तो उसे बदल दें और बोतल को भी अच्छी तरह साफ करें. पीली या सूखी पत्तियों को समय-समय पर हटा देना चाहिए.
कुछ धार्मिक मान्यताओं में मनी प्लांट को शुक्रवार और माता लक्ष्मी से भी जोड़ा जाता है. हालांकि, पौधे की देखभाल करते समय सबसे जरूरी बात उसकी सही ग्रोथ और सफाई का ध्यान रखना है.
यह भी पढ़ें: पैसा टिकता नहीं है तो बदलें पर्स का रंग, वास्तु में इन रंगों को माना गया है शुभ
