Soyabean Chana Kebab: शाम होते ही हमारे मन में कुछ ऐसा खाने की इच्छा जागती है जो न सिर्फ हेल्दी हो बल्कि टेस्टी और क्रिस्पी भी हो. जब इस तरह के किसी डिश को बनाने का ख्याल आता है तो हमारे दिमाग में गिने-चुने नाम ही आते हैं. हम सोच में पड़ जाते हैं कि आखिर ऐसा क्या बनाया जाए जो तली-भूनी भी न हो और बच्चों से लेकर बड़ों सभी को पसंद भी आए. अगर आपके दिमाग में भी यह सवाल आता रहता है तो आज की रेसिपी आपके लिए ही है. आज हम आपको सोयाबीन चना कबाब की रेसिपी बताने जा रहे हैं जो स्वाद और सेहत का परफेक्ट बैलेंस है. बाहर से क्रिप्सी और अंदर से सॉफ्ट ये कबाब सिर्फ बच्चों को ही नहीं बल्कि बड़ों की भी काफी ज्यादा पसंद आते हैं. ये आपकी भूख को मिटाने के साथ ही शरीर को लंबे समय तक टिकने वाली एनर्जी देते हैं. इस डिश की सबसे खास बात होती है कि इसे बनाने में काफी कम तेल का इस्तेमाल होता है और यह आसानी से बनकर तैयार भी हो जाते हैं. तो चलिए जानते हैं घर पर सोयाबीन चना कबाब बनाने की आसान रेसिपी.
सोयाबीन चना कबाब बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- सोयाबीन बड़ी – 1 कप
- उबला हुआ काबुली चना – 1 कप
- उबला हुआ आलू – 2 मीडियम साइज के
- बारीक कटा प्याज – 1
- हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
- अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया – 2 टेबलस्पून
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- ब्रेड क्रम्ब्स – 2 टेबलस्पून
- तेल – सेकने के लिए
सोयाबीन चना कबाब बनाने की रेसिपी
- सोयाबीन चना कबाब बनाने के लिए सबसे पहले सोयाबीन को गर्म पानी में 10 मिनट भिगोकर सॉफ्ट कर लें और फिर अच्छी तरह उबाल लें. इसके बाद उबले सोयाबीन और काबुली चने को मिक्सी में दरदरा पीस लें और फिर इस मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकालें.
- अब इसमें उबले और मैश किए हुए आलू, प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया डालें. इसके बाद सारे सूखे मसाले और नमक डालकर इसे अच्छी तरह मिला लें. अगर मिश्रण ज्यादा गीला लगे तो ब्रेड क्रम्ब्स डालकर इसे सही कंसिस्टेंसी में लाएं.
- इसके बाद हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण से छोटे-छोटे कबाब या टिक्की का शेप दें. अब तवे को गर्म करें और फिर इसमें थोड़ा तेल डालकर मीडियम आंच पर कबाब को दोनों तरफ से गोल्डन और क्रिस्पी होने तक सेक लें.
- गर्मागर्म सोयाबीन चना कबाब को हरी चटनी, टमाटर सॉस और सलाद के साथ परोसें. आप अगर चाहें तो इन्हें बर्गर बन या रैप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
