International Youth Day: हर साल 12 अगस्त को 'अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस' यानी 'इंटरनेशनल यूथ डे' के रूप में मनाया जाता है. यह खास दिन दुनियाभर के युवाओं की ताकत, उनके सपनों और समाज में उनके दिए गए योगदानों को सेलिब्रेट करने का एक मौका है. इस सिलसिले में अगर देखा जाए तो 20 से 30 साल की जो उम्र होती है, वह किसी भी इंसान की जिंदगी का सबसे खास और जरूरी समय होता है. इस उम्र में हम अपनी पढ़ाई पूरी करते हैं, अपना पहला जॉब ज्वाइन करते हैं या फिर बिजनेस करना शुरू कर देते हैं. इसी उम्र में युवा अपनी फ्यूचर प्लानिंग करना शुरू करते हैं और उन्हें अपनी जिंदगी में कहां पहुंचना है, यह भी तय कर लेते हैं.
अगर आपकी उम्र भी 20 से 30 साल के बीच है, तो आज का यह आर्टिकल आपके काम का होने वाला है. आज हम आपको कुछ प्रैक्टिकल लाइफ स्किल्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आपको इस उम्र में जरूर सीख लेना चाहिए. जब आप इन स्किल्स को सीख लेते हैं, तो आपकी आगे की जिंदगी काफी ज्यादा आसान और बेहतर हो जाती है. तो चलिए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं.
पैसों को सही तरीके से संभालना यानी मनी मैनेजमेंट
20 की उम्र के बाद ही ज्यादातर लोग पहली बार पैसे कमाना शुरू कर देते हैं. इस उम्र में सिर्फ पैसे कमाना ही नहीं, बल्कि उससे भी ज्यादा जरूरी हो जाता है अपने कमाए हुए पैसों को बचाना और सही जगह पर इस्तेमाल करना सीखना. सबसे पहले अपनी पॉकेट मनी या फिर सैलरी का एक बजट तैयार कर लें और बेवजह की चीजों पर पैसे लुटाने से बचें. अपने पैसों को सिर्फ गुल्लक या फिर बैंक में रखने से बेहतर होगा कि आप इन्हें सही जगह पर इन्वेस्ट करना सीख लें. ऐसा करने से आपको कभी भी जरूरत के समय दूसरों के सामने हाथ फैलाने की नौबत नहीं आएगी.
अपनी सेहत का ख्याल रखना
जवानी के दिनों में अक्सर हम अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं या फिर बहुत ही हल्के में लेने लगते हैं. देर रात तक जागना, बाहर की चीजें खाते रहना और साथ ही कोई फिजिकल एक्टिविटी न करना, ये सभी आदतें ही आगे चलकर बड़ी बीमारियों की वजह बन जाती हैं. इनसे बचने के लिए इस उम्र में सही चीजें खाना, अच्छी और पूरी नींद लेना और हर दिन थोड़ी एक्सरसाइज करना एक बहुत अच्छी आदत साबित होती है. आपको यह बात हमेशा पता होनी चाहिए कि अगर आपका शरीर और दिमाग फिट रहेगा, तभी आप अपनी जिंदगी में कुछ बड़ा और बेहतर कर पाएंगे.
अच्छे से बात करने की कला यानी कम्युनिकेशन स्किल्स
आप दूसरों से किस तरह से बात करते हैं, इसी बात से लोग यह अंदाजा लगा लेते हैं कि आप किस तरह के इंसान हैं. चाहे आप कॉलेज में हों, ऑफिस में या फिर घर पर, अपनी बातों को हमेशा साफ, आसान भाषा में और प्यार से कहना सीख लें. इसके अलावा जब सामने वाला आपसे कुछ कह रहा हो, तो आपके लिए उसकी बातों को ध्यान से सुनना भी उतना ही जरूरी हो जाता है. जब आपके बात करने का तरीका अच्छा होगा, तो आपके नए दोस्त अपने आप ही बनने लगेंगे, रिश्ते मजबूत होंगे और करियर में भी तरक्की होने लगेगी.
हार से न डरना और खुद को संभालना
20 से 30 की उम्र में कई बार ऐसा भी होगा जब आपकी प्लानिंग फेल हो जाएगी, आपको एग्जाम में कम मार्क्स मिलेंगे या जॉब में सिलेक्शन नहीं होगा. ऐसे हालातों में रोने या निराश होने की जरूरत नहीं है. आपको यह बात समझनी होगी कि हार जाना जिंदगी का अंत नहीं होता, बल्कि यह तो कुछ नया सीखने का एक मौका होता है. अपनी गलतियों से सीखिए, अपनी कमियों को सुधारिए और फिर से कोशिश कीजिए.
सीख लें अपने फैसले खुद लेना
बचपन में हमारे सारे फैसले माता पिता या घर के बड़े लेते हैं, लेकिन 20 की उम्र के बाद आपकी जिंदगी की गाड़ी का स्टेयरिंग आपके हाथ में आ जाता है. आपको कौन सा कोर्स करना है, कौन सी जॉब करनी है या कैसे दोस्त बनाने हैं, ये फैसले खुद सोच समझकर लेना सीखिए. दूसरों की सलाह जरूर लें, लेकिन आखिरी फैसला अपनी समझ से करें ताकि बाद में आपको किसी और को दोष न देना पड़े.
हमेशा नया सीखने की आदत
आज की दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है. नई-नई टेक्नोलॉजी आ रही है और काम करने के तरीके बदल रहे हैं. अगर आप नया सीखने से कतराएंगे, तो पीछे छूट जाएंगे. इसलिए हमेशा कुछ न कुछ नया सीखने के लिए तैयार रहें. अपनी सोच को पुरानी बातों में अटकाकर न रखें, समय के साथ खुद को बदलते रहें और अपडेट करते रहें.
