White Shirt Cleaning Tips: सफेद शर्ट और टी-शर्ट पहनने का अपना अलग ही आकर्षण होता है. चाहे ऑफिस हो, स्कूल हो या कोई खास मौका, सफेद कपड़े हमेशा साफ-सुथरे और स्टाइलिश नजर आते हैं. लेकिन गर्मी और उमस के मौसम में पसीने की वजह से सफेद कपड़ों पर पीले दाग पड़ना एक आम समस्या है. खासकर कॉलर, अंडरआर्म्स और कफ के आसपास जमा हुआ पीलापन कपड़ों की खूबसूरती खराब कर देता है.
कई लोग इन जिद्दी दागों को हटाने के लिए महंगे डिटर्जेंट या केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, कुछ घरेलू उपाय भी ऐसे हैं जो कम खर्च में अच्छे नतीजे दे सकते हैं. नींबू और बेकिंग सोडा का मिश्रण उन्हीं आसान उपायों में से एक है.
नींबू और बेकिंग सोडा से करें सफाई
नींबू में प्राकृतिक क्लीनिंग और ब्लीचिंग गुण पाए जाते हैं, जबकि बेकिंग सोडा दागों को ढीला करने और कपड़ों की बदबू कम करने में मदद करता है. इन दोनों का कॉम्बिनेशन सफेद कपड़ों की सफाई के लिए काफी उपयोगी माना जाता है.
इसके लिए एक कटोरी में 1 से 2 चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें ताजा नींबू का रस मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. अब इस पेस्ट को पीले दाग वाली जगह पर लगाएं और हल्के हाथों से रगड़ें. करीब 20 से 30 मिनट तक इसे लगा रहने दें। इसके बाद कपड़े को सामान्य डिटर्जेंट से धो लें.
अगर दाग काफी पुराने हैं, तो कपड़े को गुनगुने पानी में कुछ देर भिगोने के बाद धोने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं.
धूप में सुखाने से बढ़ सकती है चमक
धोने के बाद सफेद कपड़ों को हल्की धूप में सुखाने से उनकी चमक और बेहतर हो सकती है. सूरज की किरणें कपड़ों पर मौजूद हल्के दागों को कम करने में मदद करती हैं. हालांकि, बहुत ज्यादा देर तक तेज धूप में कपड़े छोड़ने से कपड़ा कमजोर पड़ सकता है.
इन बातों का भी रखें ध्यान
सफेद कपड़ों को हमेशा अलग धोने की कोशिश करें. पसीने वाले कपड़ों को लंबे समय तक बिना धोए न रखें. साथ ही डिओडोरेंट या परफ्यूम लगाने के तुरंत बाद कपड़े पहनने से भी कुछ मामलों में दाग पड़ सकते हैं. सही देखभाल और नियमित सफाई से आपकी सफेद शर्ट लंबे समय तक नई जैसी दिख सकती है.
यह भी पढ़ें: मानसून आते ही ऑयली हो जाता है चेहरा? ये चीजें बदल देंगी स्किन का हाल
