Aloo Paratha: आलू पराठा भारतीय रसोई का सबसे पसंदीदा नाश्ता माना जाता है, लेकिन आटा गूंथने और भरावन तैयार करने की प्रक्रिया कई बार समय लेने वाली लगती है. ऐसे में बिना आटा गूंथे बनने वाला आलू पराठा उन लोगों के लिए एक आसान और झटपट विकल्प है, जो कम समय में स्वादिष्ट खाना बनाना चाहते हैं. इस तरीके से बने पराठे स्वाद में बिल्कुल पारंपरिक आलू पराठे जैसे होते हैं और खासतौर पर व्यस्त सुबह या अचानक मेहमान आने पर बेहद काम आते हैं.
आलू पराठा बनाने के लिए जरूरी सामान
- उबले आलू – 4 मध्यम आकार
- गेहूं का आटा – ½ कप
- हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
- अदरक – 1 छोटा चम्मच कद्दूकस
- धनिया पत्ती – 2 टेबलस्पून बारीक कटी
- लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
- अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- तेल या घी – सेंकने के लिए
कैसे तैयार करते हैं पराठा
सबसे पहले उबले हुए आलुओं को छीलकर अच्छे से मैश कर लें. अब इसमें गेहूं का आटा, हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ती, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन और नमक डालें. सभी चीज़ों को अच्छी तरह मिलाकर नरम मिश्रण तैयार कर लें. ध्यान रखें कि इसमें अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं होती.
पराठा बनाने का तरीका
अब तैयार मिश्रण से मध्यम आकार की लोइयां बना लें. हल्का सा सूखा आटा लगाकर लोई को हाथ या बेलन से गोल पराठे की तरह फैलाएं. तवा गरम करें और पराठा तवे पर डालें. दोनों तरफ से तेल या घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें.
परोसने का तरीका
बिना आटा गूंथे बने आलू पराठे को आप दही, मक्खन, हरी चटनी या अचार के साथ गरम-गरम परोस सकते हैं. यह नाश्ते या हल्के भोजन के लिए एकदम परफेक्ट है.
यह भी पढ़ें: बाहर से क्रिस्पी, अंदर से चीजी, तैयार करें टेस्टी ब्रेड चीज पकौड़ा
यह भी पढ़ें: Palak Bhatura Recipe: सफेद भटूरों से हो गए हैं बोर, तो आज ही अपनाएं ये तरीका और बनाइए हरे और फूले हुए भटूरे
