How To Fix Loose Pressure Cooker Gasket: प्रेशर कुकर हर किचन में इस्तेमाल होने वाला जरूरी बर्तन है. इसमें दाल, चावल, सब्जी और कई तरह के पकवान कम समय में तैयार हो जाते हैं. रोजाना इस्तेमाल के कारण कभी-कभी कुकर की रबड़ यानी गैसकेट ढीली हो जाती है. इससे ढक्कन ठीक से बंद नहीं हो पाता और भाप बाहर आने लगती है. अगर आपके कुकर की रबड़ भी ढीली हो गई है, तो एक आसान तरीका आजमा सकते हैं. इस तरीके में घर में रखी दो चीजों की मदद ली जाती है. इसे डिजिटल क्रिएटर दीप्ति कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है.
कुकर की ढीली रबड़ को कैसे करें फिट?
- इस आसान तरीके के लिए सबसे पहले कुकर का ढक्कन निकाल लें.
- अब ढक्कन के अंदर लगी रबड़ को धीरे से बाहर निकालें.
- एक कटोरी में थोड़ा पानी लें और रबड़ को कुछ देर पानी में रखें.
- इसके बाद एक प्लेट में थोड़ा सा गेहूं का आटा लें. पानी से निकालने के बाद रबड़ को हल्के हाथ से आटे में लगाएं.
- अब रबड़ को वापस कुकर के ढक्कन में उसकी सही जगह पर लगा दें. इसके बाद ढक्कन को लगाकर देखें कि रबड़ ठीक से बैठ रही है या नहीं. इस तरीके से ढीली रबड़ को कुछ समय के लिए बेहतर फिट मिल सकता है.
इस तरीके के लिए नहीं चाहिए कोई खास सामान
इस तरीके की खास बात यह है कि इसमें घर में आसानी से मिलने वाली चीजों का ही इस्तेमाल होता है. इसके लिए पानी और गेहूं का आटा पर्याप्त है. इसलिए अगर रबड़ थोड़ी ढीली हो गई है, तो आप इस तरीके को आजमा सकते हैं. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस तरीके पर लोगों ने भी अपनी बातें बताई हैं. कुछ लोगों ने कहा कि उन्होंने आटे की मदद से रबड़ को फिट किया है. वहीं, एक यूजर ने रबड़ को कुछ समय के लिए फ्रीजर में रखने का तरीका भी बताया.
रबड़ ज्यादा पुरानी हो तो क्या करें?
अगर कुकर की रबड़ बहुत पुरानी हो गई है या उसमें कट, दरार, सख्तपन या किसी तरह की खराबी दिखाई दे रही है, तो उसे बदल देना बेहतर रहता है. कुकर में सही साइज की अच्छी गैसकेट लगाना जरूरी है. कुकर इस्तेमाल करने से पहले यह भी देख लें कि रबड़ अपनी जगह पर ठीक से लगी है और ढक्कन सही तरह से बंद हो रहा है. इससे कुकर को इस्तेमाल करते समय परेशानी कम होगी.
यह भी पढ़ें: दाल में पड़ गए हैं घुन? डिब्बे में डाल दें ये एक चीज, लंबे समय तक रहेगी सुरक्षित
