Homemade Chai Masala: चाय पीने वालों के लिए एक अच्छी चाय पूरा मूड बना सकती है. सुबह की शुरुआत हो या शाम की थकान, गरमा-गरम मसाला चाय पीने का मजा ही अलग है. लेकिन हर बार बाहर मिलने वाली चाय में घर जैसा स्वाद नहीं मिल पाता. ऐसे में आप घर पर ही चाय मसाला तैयार करके रख सकते हैं. इस चाय मसाले में सौंफ, काली मिर्च, इलायची, दालचीनी और लौंग जैसे मसाले डाले जाते हैं. इनकी खुशबू चाय को और भी स्वादिष्ट बना देती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती. एक बार मसाला बनाकर रख लें और जब मन करे अपनी चाय में डालकर पीएं.
घर पर चाय मसाला बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
सूखी अदरक – 2 बड़े चम्मच सौंफ – 2 बड़े चम्मच काली मिर्च – 1 बड़ा चम्मच बड़ी इलायची – 3 छोटी इलायची – 10 से 12 दालचीनी – 3 से 4 टुकड़े लौंग – 1 छोटा चम्मच जायफल – आधा छोटा चम्मच सूखी तुलसी की पत्तियां – 1 बड़ा चम्मच
चाय मसाला बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले एक कड़ाही को धीमी आंच पर गर्म करें. अब इसमें सौंफ, काली मिर्च, बड़ी इलायची, छोटी इलायची, दालचीनी और लौंग डालें.
- मसालों को करीब 2 से 3 मिनट तक हल्का गर्म करें. इन्हें तेज आंच पर ज्यादा देर तक भूनने की जरूरत नहीं है. बस हल्की खुशबू आने तक गर्म करना है.
- अब गैस बंद कर दें और सभी मसालों को एक प्लेट में निकाल लें. इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें.
- जब मसाले ठंडे हो जाएं, तो इन्हें सूखी अदरक, जायफल और सूखी तुलसी की पत्तियों के साथ मिक्सर में डालें. अब सभी चीजों को पीसकर हल्का दरदरा पाउडर बना लें.
- ध्यान रखें कि मसाले पीसने से पहले पूरी तरह ठंडे और सूखे हों. इससे मसाला ज्यादा अच्छा बनेगा.
- तैयार चाय मसाले को एक साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें. डिब्बे में नमी नहीं जानी चाहिए.
चाय में कितना चाय मसाला डालें?
अब जब भी चाय बनाएं, एक कप चाय में करीब एक चौथाई से आधा छोटा चम्मच तैयार मसाला डालें. अगर आपको चाय में मसालों का स्वाद थोड़ा ज्यादा पसंद है, तो मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से बढ़ा सकते हैं.
मसाला डालने के बाद चाय को अच्छी तरह उबलने दें. इससे मसालों की खुशबू और स्वाद चाय में अच्छी तरह मिल जाएगा.
आपकी रोज की चाय बन जाएगी खास
इस होममेड चाय मसाले को बनाकर आप घर में पहले से रख सकते हैं. जब भी चाय पीने का मन करे, बस थोड़ी-सी मात्रा चाय में डालें और आपकी साधारण चाय में मसालेदार खुशबू और स्वाद आ जाएगा. बाजार से अलग-अलग मसाले लाकर हर बार चाय में डालने की जगह आप यह मिश्रण पहले से तैयार करके रख सकते हैं. बस इसे हमेशा साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बे में रखें.
यह भी पढ़ें: फ्रिज में रखा दही कब तक खा सकते हैं? जानें कब इसे फेंक देना चाहिए
