घर आते ही सबसे पहले इन 5 चीजों पर जाती है मेहमानों की नजर, अच्छा इंप्रेशन बनाना है तो आज ही सुधार लें इन्हें

Home Decor Tips: अचानक से मेहमानों के आने की खबर मिलते ही अगर आप भी पूरे घर में भाग-दौड़ शुरू कर देते हैं, तो जरा रुकिए. कई बार वे चीजें, जिन पर हम बिल्कुल ध्यान नहीं देते, वही सबसे पहले लोगों की नजर में आ जाती हैं. आइए जानते हैं घर के उन छोटे-छोटे हिस्सों के बारे में, जो पहला इंप्रेशन बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं.

Home Decor Tips: सुबह का समय, अचानक से फोन बजता है और सामने वाला आपसे कहता है कि, "हम 15 मिनट में आ रहे हैं." यह सुनते ही हमारे हाथ-पांव फूलने लगते हैं और हम पागलों की तरह जल्दबाजी में पूरे घर में झाड़ू-पोछा करने और चीजों को समेटने लग जाते हैं. हमें ऐसा लगता है कि जैसे ही मेहमान घर पर आएंगे, तो हमारे पूरे घर को ऊपर से नीचे तक परखेंगे. अगर आपको भी ऐसा ही लगता है, तो आप काफी हद तक गलत हो सकते हैं. जब मेहमान घर आते हैं, तो उनका ध्यान सबसे पहले आपकी महंगी पेंटिंग्स या फिर आलीशान डेकोरेशन पर नहीं, बल्कि घर की कुछ बेहद आम और छोटी-मोटी चीजों पर सबसे पहले जाता है. कई बार तो ये वे चीजें होती हैं, जिन पर हम खुद भी कभी ध्यान नहीं देते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको इन्हीं चीजों और जगहों के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं, जिन पर घर आने वाले मेहमानों की नजर सबसे पहले पड़ती है. जब आप इन जगहों के बारे में जान लेंगे, तो आपके लिए इन्हें परफेक्ट बनाकर रखना और भी आसान हो जाएगा.

घर आते ही लोग सबसे पहले क्या नोटिस करते हैं

घर का मुख्य दरवाजा और एंट्रेंस

आपके घर का मुख्य दरवाजा ही आपके पूरे घर यानी कि आशियाने का आईना होता है. जैसे ही मेहमान आपके घर पहुंचते हैं, उनकी नजर सबसे पहले आपके घर के दरवाजे, नेमप्लेट और डोरमैट पर ही जाती है. अगर आपके घर का मुख्य दरवाजा गंदा होगा या फिर डोरमैट पुराना और धूल से भरा हुआ होगा, तो वहीं से एक निगेटिव इफेक्ट पड़ना शुरू हो जाता है. अगर आप नहीं चाहते हैं कि ऐसा हो, तो सबसे पहले अपने मुख्य दरवाजे को साफ रखना शुरू कर दें. वहां एक सुंदर और साफ-सुथरा डोरमैट बिछाएं. इसके अलावा आप अगर चाहें तो दरवाजे के पास एक छोटा सा पौधा या कोई सुंदर डेकोरेटिव पीस भी रख सकते हैं, जो आने वालों का मुस्कुराकर स्वागत करे.

ये भी पढ़ें: घर आने वाला हर मेहमान करेगा आपके लिविंग रूम की तारीफ, बिना ज्यादा पैसे खर्च किए दें लग्जरी और ट्रेंडी लुक

लिविंग रूम की सिटिंग अरेंजमेंट और सोफा

जब मेहमान मुख्य दरवाजे से अंदर आते हैं, तो आप उन्हें सीधे लिविंग रूम में ले जाते हैं. वहां पर उनकी नजर सबसे पहले आपके बैठने की जगह यानी कि सोफे पर पड़ती है. बता दें अगर सोफे पर रखी चादर या कुशन कवर्स गंदे हों, मुड़े हुए हों या फिर बिखरे हों, तो पूरा कमरा बिखरा हुआ और अजीब सा लगता है. मेहमानों के आने से पहले सोफे के कुशन को ठीक से सेट करें और साफ-सुथरी कुशन कवर का इस्तेमाल करें. बैठने की जगह के आसपास फालतू का सामान जैसे अखबार, बच्चों के खिलौने या कपड़े न पड़े रहने दें.

घर की खुशबू या महक पर भी जाता है ध्यान

आपके घर से आ रही खुशबू या फिर महक एक ऐसी चीज है जिसे मेहमान बिना देखे ही महसूस कर लेते हैं. जैसे ही कोई आपके घर के अंदर कदम रखता है, तो घर की हवा और वहां की अच्छी या बुरी महक सीधे उनके मूड पर ही असर डालती है. अगर आपके घर में सीलन, किचन के मसालों या बंद कमरे की अजीब सी गंध आ रही हो, तो मेहमान इसकी वजह से भी असहज महसूस करने लगते हैं. अगर आप नहीं चाहते हैं कि ऐसा हो, तो सबसे पहले अपने घर को फ्रेश रखने के लिए सुबह-शाम खिड़कियों को खोलकर रखना शुरू कर दें. जब आप ऐसा करते हैं तो फ्रेश हवा पूरे घर में आ जाती है. इसके अलावा आप अगर चाहें तो हल्के रूम फ्रेशनर, सेंटेड कैंडल्स या डिफ्यूजर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इनकी हल्की और भीनी-भीनी खुशबू घर के माहौल को बेहद पॉजिटिव बना देती है.

ये भी पढ़ें: छोटी सी बालकनी को बनाएं घर का सबसे खूबसूरत कोना, ये 5 सस्ते आइडियाज देंगे उसे मिनी गार्डन जैसा लुक

वॉशबेसिन और बाथरूम की सफाई

जब मेहमान घर आते हैं, तो वे एक बार तो कम से कम अपना हाथ-मुंह धोने के लिए वॉशबेसिन या फिर बाथरूम का इस्तेमाल जरूर करते हैं. यह आपके घर का वह हिस्सा है, जो आपकी स्वच्छता की आदत को सबसे सटीक तरीके से दिखाता है. अगर वॉशबेसिन पर पानी के दाग हों, साबुन की दानी गंदी हो या वहां टंगा तौलिया गीला और पुराना हो, तो मेहमानों को यह बहुत ही खराब लगता है. अगर आप नहीं चाहते हैं कि ऐसा हो तो वॉशबेसिन को हमेशा चमकाकर रखें. इसके अलावा वहां पर एक साफ और सूखा हैंड टॉवल भी जरूर लटकाएं. इस जगह पर एक अच्छी खुशबू वाला हैंडवॉश रखना भी बहुत फायदेमंद साबित होता है.

फर्श और कोने की साफ-सफाई

घर पर यहां से वहां चलते और बैठते समय मेहमानों की नजर फर्श पर जरूर जाती है. ऐसे में अगर फर्श पर धूल, पैरों के निशान दिखेंगे, या फिर कमरों के कोनों में जाले लगे रहेंगे, तो आपके घर की पूरी सजावट ही बेकार चली जाएगी. टीवी कैबिनेट के पीछे, पंखों पर या कमरों के कोनों में जमी धूल अक्सर लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच ही लेती है. इस शर्मिंदगी से बचने के लिए मेहमानों के आने से पहले फर्श पर अच्छे से पोंछा लगाएं और कोनों की धूल झाड़ लें. फर्श जितना साफ और चमकदार होगा, आपका घर उतना ही बड़ा और खुला-खुला महसूस होगा.

ये भी पढ़ें: खाली पड़ी छत को बनाएं घर का सबसे कूल और कम्फर्टेबल कॉर्नर, ये 5 आइडियाज देंगे उसे खूबसूरत कैफे जैसा लुक


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saurabh Poddar

सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन टॉपिक्स पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की हिंदी में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और SEO-फ्रेंडली होते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >