Ganesh Chaturthi Jewellery: गणेश चतुर्थी का त्योहार आते ही बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. खासकर महाराष्ट्र में इस पर्व की रौनक देखते ही बनती है. इस दिन महिलाएं नौवारी साड़ी पहनकर मराठी लुक अपनाना पसंद करती हैं. साड़ी के साथ अगर सही महाराष्ट्रीयन ज्वेलरी पहनी जाए, तो पूरा लुक और भी खूबसूरत लग सकता है. अगर आप भी इस गणेशोत्सव पर मराठी मुलगी वाला लुक चाहती हैं, तो इन 5 पारंपरिक ज्वेलरी डिजाइंस को जरूर ट्राई कर सकती हैं.
मराठी लुक को खास बनाएंगी ये 5 ज्वेलरी
नौवारी या पैठणी साड़ी के साथ महाराष्ट्रीयन ज्वेलरी का कॉम्बिनेशन काफी सुंदर लगता है. नथ से लेकर कंगन और खास हार तक, इन छोटी-छोटी चीजों से आपका पूरा लुक बदल सकता है. आइए जानते हैं कौन सी ज्वेलरी आपके मराठी लुक को सबसे खास बना सकती है.
मोती और रूबी वाली नथ
मराठी लुक की बात हो और नथ का जिक्र न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. बड़ी और खूबसूरत नथ इस लुक की खास पहचान मानी जाती है. आप गणेश चतुर्थी पर मोती और रूबी वाली नथ पहन सकती हैं. इसे नौवारी साड़ी के साथ पहनने पर ट्रेडिशनल लुक मिलेगा और चेहरा भी काफी खूबसूरत लगेगा.
पेशवाई कंगन और तोडे
हाथों में खूबसूरत कंगन पहनने से मराठी लुक और भी अच्छा लगता है. इसके लिए आप पेशवाई कंगन या तोड़े पहन सकती हैं. अगर चाहें तो इन्हें हरी कांच की चूड़ियों के साथ पहनें. हरी चूड़ियों और गोल्डन कंगन का यह कॉम्बिनेशन गणेश चतुर्थी के लिए काफी अच्छा रहेगा.
कोल्हापुरी साज और मोहनमाला
गले में कुछ ट्रेडिशनल पहनना चाहती हैं, तो कोल्हापुरी साज एक अच्छा ऑप्शन है. यह महाराष्ट्रीयन लुक की खास ज्वेलरी में शामिल है. इसके साथ आप मोहनमाला भी पहन सकती हैं. नौवारी, पैठणी या किसी दूसरी सिल्क साड़ी के साथ यह हार काफी सुंदर लगेगा और आपके लुक में पूरा मराठी टच आएगा.
बुगडी और ट्रेडिशनल बालियां
अगर आप मराठी लुक में थोड़ा और ट्रेडिशनल टच चाहती हैं, तो कानों में बुगडी पहन सकती हैं. इसे कान के ऊपरी हिस्से में पहना जाता है. इसके साथ ट्रेडिशनल बाली या झुमके भी पहने जा सकते हैं. इससे पूरा लुक काफी प्यारा और अलग नजर आएगा.
चंद्रकोर बिंदी
मराठी लुक में माथे की बिंदी भी काफी खास होती है. इस बार आप गोल बिंदी की जगह चंद्रकोर बिंदी ट्राई कर सकती हैं. अर्धचंद्र जैसी शेप वाली यह बिंदी मराठी लुक को और खास बना देती है. लाल या महरून रंग की चंद्रकोर बिंदी को आप अपनी साड़ी और ज्वेलरी के हिसाब से चुन सकती हैं.
मराठी लुक बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपके कान या नाक में छेद नहीं है, तो भी आप इस लुक को आसानी से अपना सकती हैं. आजकल क्लिप वाली नथ और बिना छेद के पहनी जाने वाली बुगडी भी मिल जाती है. इसलिए सिर्फ इसी वजह से आपको अपना पसंदीदा लुक छोड़ने की जरूरत नहीं है.
इन ज्वेलरी को सिर्फ नौवारी साड़ी के साथ पहनना जरूरी नहीं है. आप इन्हें पैठणी, चंदेरी या कांजीवरम साड़ी के साथ भी स्टाइल कर सकती हैं. बस साड़ी और ज्वेलरी के रंग और डिजाइन को एक-दूसरे के साथ मैच करके पहनें. इससे गणेश चतुर्थी पर आपका मराठी लुक ट्रेडिशनल होने के साथ-साथ काफी स्टाइलिश भी लगेगा.
यह भी पढ़ें: गणेश चतुर्थी पर लाएं गणपति की ऐसी मूर्ति, सुख-समृद्धि से भर जाएगा घर
