छोटी सी बालकनी को बनाएं घर का सबसे खूबसूरत कोना, ये 5 सस्ते आइडियाज देंगे उसे मिनी गार्डन जैसा लुक

DIY Home Decor: अगर आप भी अपनी बालकनी को बिना ज्यादा पैसे खर्च किए स्टाइलिश और रिलैक्सिंग बनाना चाहते हैं, तो कुछ आसान क्रिएटिव आइडियाज आपकी मदद कर सकते हैं. थोड़ी सी मेहनत और थोड़ी सी इमेजिनेशन के साथ आप अपने आउटडोर स्पेस को ऐसा खास लुक दे सकते हैं, जहां समय बिताना आपको और भी अच्छा लगे.

DIY Home Decor: हमारे घर की बालकनी ही वह जगह होती है जहां हम दिनभर की थकान के बाद शाम के समय खुली हवा में सुकून के दो पल बिताने के लिए जाते हैं. यह जगह भले ही छोटी सी होती है लेकिन फिर भी अगर इसे थोड़ा सा सजाकर और हरा-भरा बनाकर रखा जाए, तो यह काफी आसानी से घर का सबसे खूबसूरत और सुकून देने वाला कोना बन सकता है. वैसे तो लोग अपनी बालकनी को सजाने के लिए महंगे-महंगे डेकोरेटिव आइटम्स खरीदते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो बेहद ही कम खर्च में और अपने हाथों से कुछ चीजें बनाकर भी इसे एक ट्रेंडी और अट्रैक्टिव लुक दे सकते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको 5 ऐसे आसान और सस्ते DIY आइडियाज बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपनी छोटी सी बालकनी को भी एक खूबसूरत मिनी गार्डन में कन्वर्ट कर सकते हैं.

खाली बोतलों से सजाएं दीवारें

हमारे घरों में कोल्ड ड्रिंक्स और पानी की प्लास्टिक बोतलें अक्सर कबाड़ में चली जाती हैं. आप इनका इस्तेमाल बालकनी की दीवारों को सजाने के लिए कर सकते हैं. इन बोतलों को बीच से काटकर मनपसंद रंगों से पेंट कर लें. आप चाहें तो इन पर छोटे-छोटे शेप्स भी बना सकते हैं. अब इनमें नीचे की तरफ एक छोटा छेद करें ताकि फालतू पानी निकल सके. इसमें मिट्टी डालकर मनी प्लांट या स्पाइडर प्लांट लगाएं और रस्सी की मदद से इन्हें दीवार या ग्रिल पर टांग दें. यह कम जगह में आपकी बालकनी को हरा-भरा दिखाने का सबसे बेस्ट तरीका है.

पुरानी सीढ़ी या लकड़ी के तख्तों का मेकओवर

अगर आपकी बालकनी छोटी है और फर्श पर गमले रखने की जगह कम है, तो वर्टिकल स्पेस का इस्तेमाल करें. घर में रखी किसी पुरानी लकड़ी की सीढ़ी या मजबूत पट्टियों को साफ करके चमकीले रंग में पेंट कर लें. इसे बालकनी की किसी एक दीवार के सहारे टिकाकर रख दें. अब सीढ़ी के हर पायदान पर छोटे-छोटे रंग-बिरंगे गमले सजाएं. यह आपकी बालकनी को एक खूबसूरत ‘स्टेप गार्डन’ का लुक देगा, जो दिखने में बेहद मॉडर्न और अट्रैक्टिव लगता है.

जूट के थैलों और पुराने कपड़ों से बनाएं प्लांटर्स

आजकल कपड़े और जूट के ग्रो बैग्स काफी ट्रेंड में हैं. इन्हें आप घर पर ही आसानी से तैयार कर सकते हैं. घर में पड़े पुराने जूट के बैग, चावल की बोरियां या मोटे जींस के कपड़ों को चौकोर या राउंड शेप में सिल लें. इनके अंदर एक पतली प्लास्टिक शीट लगा दें ताकि मिट्टी का मॉइस्चर बाहर न आए. अब इनमें मिट्टी और खाद मिलाकर आप धनिया, पुदीना, हरी मिर्च या छोटे फूल वाले पौधे उगा सकते हैं. ये वजन में बहुत हल्के होते हैं और इन्हें कहीं भी उठा कर रखना आसान होता है.

टूटे हुए कप और कुल्हड़ को दें नया जीवन

अक्सर हमारे किचन में ऐसे मग या कप होते ही हैं जिनका हैंडल टूट गया होता है या जिनमें हल्की सी दरार आ गई होती है. आपको इन्हें फेंकने की बजाय बालकनी में इस्तेमाल कर लेना चाहिए. इसके अलावा दिवाली के बचे हुए दीये और मिट्टी के कुल्हड़ भी बहुत काम आते हैं. इन पर थोड़ा सा एक्रेलिक पेंट करके आप इन्हें बिलकुल नया लुक दे सकते हैं. छोटे साइज के इन बर्तनों में ‘सकुलेंट्स’ जैसे कैक्टस या कम पानी वाले छोटे पौधे बहुत ही अच्छे से बढ़ते हैं. इन्हें आप बालकनी की खिड़की की मुंडेर या छोटी टेबल पर कतार से डेकोरेट करके रख सकते हैं.

रंग-बिरंगे पत्थरों से बनाएं मिनी फेयरी गार्डन

अपनी बालकनी के किसी एक कोने को मैजिकल और क्रिएटिव लुक देने के लिए पत्थरों का इस्तेमाल करें. किसी नदी या पार्क से गोल और चपटे पत्थर इकट्ठा करें. अब इन पत्थरों पर वाटरप्रूफ कलर से पेंट करें जैसे आप इन्हें लेडीबग लाल-काले रंग का कीड़ा या छोटे मुस्कुराते हुए चेहरों का रूप दे सकते हैं. अब किसी बड़े गमले या उथली टोकरी में इन पत्थरों को सजाएं, बीच में थोड़ी सी हरी घास या छोटे पौधे लगाएं और एक छोटा सा खिलौना रख दें. यह आपकी बालकनी का सबसे खूबसूरत अट्रैक्शन का सेंटर बन जाएगा.

ये भी पढ़ें: किचन तो चमका लिया, लेकिन एग्जॉस्ट फैन पर जमी है काली चिकनाई? इस आसान तरीके से मिनटों में साफ करें जिद्दी गंदगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saurabh Poddar

सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन विषयों पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की भाषा में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और एसईओ फ्रेंडली होते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >