Dirty Mop Cleaning: घर का फर्श तभी अच्छी तरह साफ होता है, जब पोछा भी साफ हो. कई बार लोग रोज पोछा तो लगाते हैं, लेकिन उसे ठीक से साफ नहीं करते. ऐसे में पोछे में धूल, मिट्टी और गंदा पानी जमा होता रहता है. धीरे-धीरे पोछा काला पड़ने लगता है और उसमें से बदबू भी आने लगती है. इतना ही नहीं, गंदे पोछे से सफाई करने पर फर्श भी पूरी तरह साफ नहीं होता. आइए जानते हैं कि पोछे को साफ रखने के आसान तरीके.
हर बार इस्तेमाल के बाद पोछा जरूर धोएं
पोछा लगाने के बाद उसे गंदे पानी में छोड़ने की गलती बिल्कुल न करें. इससे गंदगी पोछे में ही रह जाती है. हर बार इस्तेमाल के बाद पोछे को साफ पानी से अच्छी तरह धोएं. जब तक साफ पानी निकलने न लगे, तब तक उसे धोते रहें. इसके बाद पानी अच्छी तरह निकाल दें.
हफ्ते में एक बार अच्छी तरह साफ करें
रोज सिर्फ पानी से धोना काफी नहीं होता. हफ्ते में एक बार पोछे की अच्छी तरह सफाई जरूर करें. इसके लिए गुनगुने पानी में थोड़ा सा हल्का लिक्विड या साबुन मिलाएं. पोछे को कुछ देर उसमें रखें और फिर अच्छी तरह धो लें. अगर आपका पोछा वॉशिंग मशीन में धुल सकता है, तो उसे मशीन में भी साफ कर सकते हैं.
गीला पोछा कभी बंद जगह पर न रखें
अगर पोछा लंबे समय तक गीला रहता है, तो उसमें से बदबू आने लगती है. इसलिए धोने के बाद उसे अच्छी तरह निचोड़ें और ऐसी जगह सुखाएं जहां हवा आती हो. पूरी तरह सूखने के बाद ही उसे रखें.
सुई में धागा डालना लगेगा बच्चों का खेल, बस अपनाएं ये टिप्स
पोछा जल्दी काला क्यों हो जाता है?
अगर आप बार-बार उसी गंदे पानी में पोछा धोते हैं, तो गंदगी वापस उसी पर चिपक जाती है. इसलिए सफाई करते समय अगर बाल्टी का पानी ज्यादा गंदा हो जाए, तो उसे बदल दें. इससे पोछा भी साफ रहेगा और फर्श भी.
समय पर पोछे का हेड बदलें
हर चीज की एक उम्र होती है. अगर पोछे के रेशे खराब हो गए हैं, वह बहुत काला हो गया है या साफ करने के बाद भी बदबू नहीं जा रही, तो नया हेड लगा लेना चाहिए. आमतौर पर करीब 6 महीने बाद पोछे का हेड बदल देना अच्छा माना जाता है. अगर रोज ज्यादा इस्तेमाल होता है, तो इससे पहले भी बदल सकते हैं.
छोटी आदतें रखेंगी पोछा हमेशा साफ
हर बार इस्तेमाल के बाद पोछा धोना, हफ्ते में एक बार अच्छी तरह साफ करना, गंदा पानी बदलते रहना और पोछे को पूरी तरह सुखाकर रखना जैसी छोटी-छोटी आदतें उसे लंबे समय तक साफ रखती हैं. जब पोछा साफ रहेगा, तभी आपका फर्श भी अच्छी तरह चमकेगा.
यह भी पढ़ें: साफ दिखने वाला पोछा भी हो सकता है खतरनाक, जानें कितने दिनों में बदलना है जरूरी
