दीवार से मिट्टी झड़ने लगी है? कहीं घर में दीमक ने तो नहीं बना लिया डेरा, ऐसे करें चेक

दीवार से मिट्टी या प्लास्टर झड़ना हमेशा सीलन का संकेत नहीं होता. कई बार मिट्टी की पतली सुरंगें घर में दीमक की मौजूदगी की ओर इशारा करती हैं. जानिए दीवार पर दिखने वाले किन संकेतों से सीलन और दीमक के बीच फर्क समझा जा सकता है और कब सावधान होना चाहिए.

Termites in Wall: घर की दीवार से अचानक मिट्टी या प्लास्टर जैसी परत झड़ने लगे तो सबसे पहले ध्यान सीलन पर जाता है. लेकिन हर बार इसकी वजह नमी ही हो, यह जरूरी नहीं. कई बार दीवार पर दिखने वाली मिट्टी की पतली लकीरें या सुरंग जैसी परत घर में दीमक होने का संकेत भी हो सकती हैं. खासकर अगर यही निशान दरवाजे, चौखट या लकड़ी के सामान के आसपास दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

मिट्टी की पतली लकीर दिखे तो हो जाएं सावधान

दीमक अक्सर एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए मिट्टी से छोटी-छोटी सुरंग बनाती है. ये सुरंगें देखने में दीवार पर चिपकी हुई मिट्टी की पतली पट्टी जैसी लग सकती हैं. कई बार ये जमीन या फर्श के पास से शुरू होकर दीवार, दरवाजे या लकड़ी की चौखट तक जाती दिखाई देती हैं.

अगर सफाई के बाद भी उसी जगह दोबारा मिट्टी जैसी परत बनने लगे, तो उस हिस्से को ध्यान से देखना चाहिए. खासकर घर के निचले हिस्से, लकड़ी की चौखट और फर्नीचर के आसपास ऐसे निशानों को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है.

सीलन में दिखते हैं ये संकेत

सीलन की वजह से दीवार पर आमतौर पर नमी के धब्बे पड़ते हैं. पेंट फूलने या उखड़ने लगता है और प्लास्टर धीरे-धीरे झड़ सकता है. कई बार दीवार पर सफेद पाउडर या नमक जैसी परत भी नजर आती है. दीवार छूने पर नम महसूस हो सकती है.

वहीं दीमक होने पर मिट्टी की सुरंग, लकड़ी के पास मिट्टी जमा होना या लकड़ी का अंदर से कमजोर होना जैसे संकेत मिल सकते हैं. हालांकि, सिर्फ एक निशान देखकर यह तय करना मुश्किल है कि समस्या सीलन की है या दीमक की.

लकड़ी को ऐसे करें चेक

दीमक का सबसे ज्यादा नुकसान लकड़ी को होता है और इसकी शुरुआत अक्सर अंदर से होती है. दरवाजा या चौखट ऊपर से बिल्कुल ठीक दिख सकती है, लेकिन अंदर से कमजोर हो सकती है. लकड़ी दबाने पर असामान्य रूप से नरम लगे, खोखली आवाज आए या आसपास मिट्टी की सुरंग दिखे, तो जांच करवाना बेहतर है.

सीलन और दीमक साथ भी हो सकते हैं

घर में लंबे समय तक बनी रहने वाली नमी दीमक के लिए अनुकूल माहौल बना सकती है. पानी का रिसाव, गीली मिट्टी या लकड़ी के आसपास पानी जमा रहने से समस्या बढ़ सकती है. इसलिए अगर दीवार पर मिट्टी के निशान के साथ सीलन भी है, तो केवल पेंट या प्लास्टर ठीक करवाने से काम नहीं चलेगा.

पहले यह पता लगाना जरूरी है कि नमी कहां से आ रही है और कहीं दीमक तो सक्रिय नहीं है. अगर मिट्टी की सुरंग बार-बार बन रही है या लकड़ी में नुकसान नजर आ रहा है, तो समय रहते एक्सपर्ट से जांच करवाना ही बेहतर है.

यह भी पढ़ें: बाथरूम की गंदी टाइल्स चमकानी हैं? महंगे क्लीनर नहीं, ये चीज करें इस्तेमाल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पुष्पांजलि

मेरा नाम पुष्पांजलि है. मैं पिछले 2.5 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट के तौर पर काम कर रही हूं. इस दौरान मैंने मुख्य रूप से लाइफस्टाइल, हेल्थ, फैशन, ब्यूटी और होम टिप्स से जुड़े कंटेंट पर काम किया है. मुझे ऐसे आर्टिकल लिखना पसंद है जो आसान भाषा में हों और पाठकों के लिए उपयोगी भी हों. मैं ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर रिसर्च करके SEO-फ्रेंडली कंटेंट तैयार करती हूं. इसके साथ ही आकर्षक हेडलाइन लिखना, सही जानकारी जुटाना और डिजिटल ऑडियंस की पसंद के अनुसार कंटेंट तैयार करना मेरी प्रमुख जिम्मेदारियों का हिस्सा रहा है. मैं हमेशा नई चीजें सीखने और अपने लेखन को बेहतर बनाने की कोशिश करती हूं. मेरा उद्देश्य ऐसा कंटेंट तैयार करना है जो लोगों तक सही जानकारी सरल और दिलचस्प तरीके से पहुंचाए.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >