Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य को अपने समय के एक महान विद्वान और नीति शास्त्र के जानकार के तौर पर भी जाना जाता है. उनकी कही गयी बातें आज भी हमें एक सही रास्ता दिखाने का काम कर रही हैं. अपनी नीतियों में आचार्य चाणक्य ने जीवन से जुड़ी कई तरह की बातें कहीं हैं, जिनका पालन अगर कोई भी इंसान करना शुरू करे तो उसे एक सफल और सुखी जीवन जीने का मौका मिल सकता है. अपनी नीतियों में उन्होंने कुछ ऐसी खास चीजों का जिक्र किया है, जिनका किसी भी व्यक्ति के जीवन में होना उसके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य माना गया है. वे कहते हैं कि, अगर किसी के पास ये चीजें हैं तो उसका जीवन खुशहाल और बैलेंस्ड बन सकता है. आज इस आर्टिकल में हम आपको चाणक्य नीति में बताई गयी इन्हीं चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका आपके पास होना किसी सौभाग्य से कम नहीं है.
चाणक्य नीति का वह खास श्लोक
अपनी नीतियों में आचार्य चाणक्य कहते हैं, “यस्य पुत्रो वशीभूतः भार्या छन्दानुगामिनी। विभवे यस्य संतुष्टः तस्य स्वर्ग इहैव हि॥” इस श्लोक का अर्थ होता है, जिस व्यक्ति का पुत्र आज्ञाकारी हो, उसकी पत्नी सहयोगी हो और साथ ही वह अपने पास मौजूद धन से संतुष्ट हो, उसके लिए यह धरती ही स्वर्ग की तरह सुख से भरा हुआ होता है.
यह भी पढ़ें: भूलकर भी इन 4 लोगों की न करें मदद, जानें चाणक्य नीति की चेतावनी
अगर आपके पास है आज्ञाकारी संतान
किसी भी व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी सौभाग्य की बात है कि उसके पास एक आज्ञाकारी संतान है. जब आपके बच्चे आपकी बातों को समझते हैं और आपका सम्मान करते हैं, तो आपके घर और परिवार में खुशहाली और शांति का माहौल बना हुआ रहता है. इस तरह के जो बच्चे होते हैं वे सिर्फ अपने माता-पिता का नाम रोशन नहीं करते हैं, ये पूरे परिवार को गर्व महसूस करा सकते हैं. यह एक मुख्य कारण है कि आपको अपने बच्चों को सही मार्गदर्शन और अच्छे संस्कार देना चाहिए.
सहयोगी और समझदार पार्टनर
अगर आपका लाइफ पार्टनर सहयोगी है, तो आपका जीवन काफी हद तक और भी आसान हो जाता है. चाणक्य नीति के अनुसार अगर आपकी पत्नी सहयोगी और समझदार है, तो जीवन में आने वाली हर तरह की मुसीबत आपको आसान लगने लगती है. पति और पत्नी के रिश्ते में समझ और भरोसे का होना काफी ज्यादा जरूरी हो जाता है. जब पति-पत्नी एक दूसरे का साथ देते हैं, तो घर-परिवार में सुख-शांति और प्यार की भावना बरकरार रहती है.
पैसों का संतोष होना
आज के समय में अगर देखा जाए, तो हर कोई ज्यादा से ज्यादा पैसे कमाने की दौड़ में लगा रहता है. आचार्य चाणक्य के अनुसार किसी भी व्यक्ति को अपने पास मौजूद धन-संपत्ति से भी संतुष्ट रहना आना चाहिए. जिस भी व्यक्ति को अपने पास मौजूद चीजों से खुश रहना आता है, वही अंदर से सच्चे सुख को महसूस कर सकता है. हद से ज्यादा लालच एक आदमी को कभी भी अंदर से संतुष्टि का एहसास नहीं होने देता है और साथ ही उसके स्ट्रेस को बढ़ाने का भी काम करता है.
यह भी पढ़ें: ये 3 आदतें समाज में आपकी इज्जत खत्म कर देती हैं, चाणक्य नीति में छिपा है सम्मान पाने का राज
