Black Carrot Kanji Recipe: सर्दियों के इस खास मौसम में काली गाजर की कांजी पीना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है. यह एक पारंपरिक इंडियन ड्रिंक है, जो न केवल स्वाद में चटपटा होता है, बल्कि पाचन तंत्र के लिए एक वरदान की तरह काम करता है. नमक और काली गाजर को फर्मेंट करके तैयार की गई यह कांजी प्रोबायोटिक्स का बेहतरीन स्रोत है, जो पेट की समस्याओं को दूर कर मेटाबॉलिज्म को बढ़ाती है. अगर आप अपनी डाइट में एक हेल्दी और रिफ्रेशिंग देसी ड्रिंक शामिल करना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए सबसे बेस्ट है.
काली गाजर की कांजी बनाने के लिए किन चीजों की जरुरत है?
काली गाजर – 8 मीडियम
सरसों के दाने – 4 बड़े चम्मच
पानी – 4 लीटर
काला नमक – 2 बड़े चम्मच
सादा नमक (सफेद नमक) – 1 छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
काली गाजर की कांजी बनाने की आसान विधि क्या है?
1. काली गाजर की कांजी बनाने के लिए सबसे पहले गाजर को अच्छे से धोकर छील लें. फिर उन्हें लगभग आधा इंच मोटे और 2 इंच लंबे टुकड़ों में काट लें.
2. दूसरी ओर एक पैन में पानी उबालें. जब पानी उबल जाए तो गैस बंद कर दें और पानी को ठंडा होने दें. तब तक सरसों के दानों को मोटा पीस लें.
3. जब पानी ठंडा हो जाए तो उसे उस बर्तन में डालें जिसमें कांजी बनानी है. अब इसमें काला नमक, सफेद नमक, पिसी हुई सरसों, काली मिर्च पाउडर और हींग डालें. सब चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
4. अब कटे हुए गाजर के टुकड़े इसमें डालें और फिर से अच्छी तरह मिलाएं. बर्तन के मुंह को मलमल के कपड़े से ढक दें और धूप में रख दें. रोज 1 या 2 बार इसे चलाते रहें. 3 से 4 दिन में कांजी अच्छी तरह फरमेंट हो जाएगी.
5. जब कांजी तैयार हो जाए तो बर्तन को अंदर ले आएं और 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इसके बाद ठंडी कांजी गिलास में गाजर के टुकड़ों के साथ परोसें और एन्जॉय करें.
काली गाजर की कांजी पीने के क्या फायदे हैं?
काली गाजर की कांजी एक बेहतरीन नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक है. यह पाचन तंत्र को मजबूत करती है, खून साफ करने में मदद करती है और इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आपकी इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं. साथ ही, यह आंखों की रोशनी और स्किन की चमक के लिए भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है.
