Kamya Mishra Relationship Tips: पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा इन दिनों न्यूज पिंच को दिए अपने एक इंटरव्यू को लेकर चर्चा में हैं. इंटरव्यू के दौरान उन्होंने रिलेशनशिप और प्यार को लेकर कुछ ऐसी बातें कहीं, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं. खासकर लड़कों को दिया गया उनका मजेदार “रिलेशनशिप फॉर्मूला” लोगों का ध्यान खींच रहा है.
लड़कों को दी यह सलाह
काम्या मिश्रा ने हंसते हुए कहा कि अगर किसी लड़के को कोई लड़की पसंद है, तो उसे हर समय अपना इंटरेस्ट दिखाने की जरूरत नहीं है. उनके मुताबिक, कई बार ज्यादा भाव देने से बात बिगड़ भी सकती है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “ज्यादा इंटरेस्ट मत दिखाइए, भाव मत दीजिए. कई बार लड़की खुद जानना चाहती है कि सामने वाला क्या सोच रहा है.” हालांकि, उन्होंने यह बात पूरी तरह हल्के-फुल्के अंदाज में कही थी और इसे किसी गंभीर रिलेशनशिप सलाह की तरह नहीं लेना चाहिए.
खुद किया था अवधेश दीक्षित को प्रपोज
इंटरव्यू में काम्या ने अपनी लव स्टोरी भी शेयर की. उन्होंने बताया कि यूपीएससी के बाद ट्रेनिंग के दौरान उनकी मुलाकात आईपीएस अधिकारी अवधेश सरोज दीक्षित से हुई थी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे गहरी हुई और आखिरकार काम्या ने खुद आगे बढ़कर उन्हें प्रपोज किया.
दिलचस्प बात यह रही कि उस समय उनके पास अंगूठी नहीं थी. ऐसे में उन्होंने घास से एक छोटी सी अंगूठी बनाकर अवधेश को पहनाई और अपने रिश्ते की शुरुआत की.
क्यों जल्दी हो गया था भरोसा?
काम्या का कहना है कि जिंदगी में सही इंसान को पहचानने के लिए हमेशा सालों का समय नहीं लगता. कभी-कभी कुछ मुलाकातों में ही महसूस हो जाता है कि सामने वाला व्यक्ति आपके लिए सही है. उन्होंने अवधेश की ईमानदारी, सादगी और काम के प्रति समर्पण की भी तारीफ की.
एक जैसी नौकरी से बढ़ती है समझदारी
काम्या मिश्रा का मानना है कि आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के बीच शादियां ज्यादा होने की एक वजह यह भी है कि दोनों एक-दूसरे के काम और जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझते हैं. इससे रिश्ते में तालमेल बनाना आसान हो जाता है.
फिलहाल काम्या मिश्रा नौकरी छोड़ने के बाद अपने पारिवारिक कारोबार से जुड़ी हुई हैं और पटना में एक स्कूल शुरू करने की योजना पर काम कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: पार्टनर की हर बात लगती है बुरी? रिश्ते में आ चुका है रिलेशनशिप बर्नआउट
