Shower Cleaning Hacks: अगर आपके घर के बाथरूम का शॉवर पहले की तरह सही तरीके से पानी नहीं छोड़ रहा है या पानी के साथ जंग, सफेद पपड़ी और गंदगी निकल रही है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. ऐसा अक्सर तब होता है, जब लंबे समय तक शॉवर हेड की सफाई नहीं की जाती. धीरे-धीरे उसके छोटे-छोटे छेदों में गंदगी और खारे पानी के मिनरल्स जम जाते हैं. इससे पानी का प्रेशर भी कम हो जाता है. अच्छी बात यह है कि कुछ घरेलू चीजों की मदद से आप इस समस्या को आसानी से दूर कर सकते हैं.
शॉवर हेड में गंदगी क्यों जम जाती है?
शॉवर हेड में गंदगी जमने की सबसे बड़ी वजह खारे पानी में मौजूद कैल्शियम और दूसरे मिनरल्स होते हैं. समय के साथ ये नोजल पर सख्त परत बना देते हैं. इसके अलावा पुरानी पाइपलाइन से आने वाली जंग, मिट्टी और धूल भी शॉवर के छेदों में फंस जाती है। लगातार नमी रहने से अंदर काई और गंदगी की परत भी बन सकती है.
ऐसे करें शॉवर की सफाई
सबसे पहले शॉवर हेड को सामान्य पानी से धो लें, ताकि ऊपर जमी धूल और गंदगी हट जाए. अब एक मजबूत पॉलिथीन में थोड़ी-सी कोल्ड ड्रिंक डालें और उसमें दो चम्मच बेकिंग सोडा मिला दें. इसके बाद इस पॉलिथीन को शॉवर हेड पर इस तरह बांधें कि पूरा नोजल इस घोल में डूब जाए. इसे करीब 24 घंटे तक ऐसे ही छोड़ दें.
समय पूरा होने के बाद पॉलिथीन हटा दें. अब एक सेफ्टी पिन की मदद से शॉवर के हर छोटे छेद को हल्के हाथ से साफ करें. घोल में रहने की वजह से जमी हुई गंदगी नरम हो जाएगी और आसानी से बाहर निकल आएगी.
आखिर में करें फ्लशिंग
सफाई पूरी होने के बाद शॉवर का नल तेज गति से कुछ मिनट तक चलाएं. इससे अंदर बची हुई गंदगी और छोटे कण पानी के साथ बाहर निकल जाएंगे. इसके बाद आपको पहले की तुलना में बेहतर पानी का प्रेशर मिल सकता है.
अगर समय-समय पर शॉवर हेड की सफाई की जाए, तो वह लंबे समय तक साफ रहता है और बार-बार प्लंबर बुलाने की जरूरत भी नहीं पड़ती.
यह भी पढ़ें: होटल के बेड पर क्यों बिछी होती है पतली पट्टी? जानिए इसका असली काम
