बारिश के मौसम में कपड़ों के साथ मोजे भी जल्दी सूखने का नाम नहीं लेते. कई बार बाहर बारिश में पैर भीग जाते हैं या जूते के अंदर पानी चला जाता है, जिससे मोजे लंबे समय तक गीले रहते हैं. ऐसे मोजों को दोबारा पहनना न सिर्फ असहज लगता है, बल्कि इनमें बदबू भी आने लगती है. अगर धूप नहीं निकल रही है, तो घर पर मौजूद चीजों की मदद से इन्हें जल्दी सुखाया जा सकता है.
सबसे पहले निकालें मोजों की अतिरिक्त नमी
मोजों को सुखाने से पहले उनमें जमा पानी जितना हो सके कम करें. इसके लिए उन्हें बहुत जोर से मरोड़ने के बजाय हाथों से हल्के दबाव के साथ निचोड़ें. इसके बाद एक सूखा तौलिया लें और मोजों को उसके बीच रखकर दबाएं. तौलिया काफी पानी सोख लेगा और मोजे जल्दी सूखने लगेंगे.
पंखे की हवा आएगी काम
अगर घर में पंखा चल रहा है तो मोजों को उसके नीचे फैलाकर रख सकते हैं. ध्यान रखें कि मोजों को एक के ऊपर एक न रखें. उन्हें पूरा खोलकर रखें, ताकि हवा हर हिस्से तक पहुंच सके. कुछ देर बाद मोजों को पलट दें, जिससे अंदर की नमी भी कम हो जाए.
टॉवल रोल ट्रिक करें ट्राई
बहुत ज्यादा भीगे हुए मोजों के लिए यह तरीका काम आ सकता है. एक सूखे तौलिये पर मोजे फैलाएं और उसे मोजों के साथ रोल कर दें. अब रोल को हाथ से हल्का दबाएं. इससे मोजों का काफी पानी तौलिये में चला जाएगा. इसके बाद मोजों को पंखे के नीचे रख दें.
हेयर ड्रायर से जल्दी सुखाएं
अगर मोजे तुरंत पहनने हैं तो हेयर ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है. ड्रायर को मोजों से थोड़ी दूरी पर रखें और गर्म हवा को एक ही जगह लगातार न डालें. हवा को पूरे मोजे पर घुमाते रहें और कुछ देर बाद उन्हें पलटकर दूसरी तरफ भी सुखाएं.
बदबूदार मोजों को पहले धोएं
अगर मोजों में पहले से बदबू आ रही है, तो सिर्फ उन्हें सुखाने से समस्या खत्म नहीं होगी. ऐसे मोजों को पानी और डिटर्जेंट से अच्छी तरह धोना जरूरी है. इस्तेमाल के बाद गीले मोजों को लंबे समय तक जूते, बैग या किसी बंद जगह में रखने से बचें.
बहुत तेज गर्मी से बचें
मोजों को सीधे हीटर, तेज गर्म सतह या बहुत ज्यादा गर्म हवा के सामने रखने से बचना चाहिए. इससे खासकर सिंथेटिक कपड़े के मोजे खराब हो सकते हैं. बारिश के मौसम में इन्हें जल्दी सुखाने के लिए तौलिया और पंखे की हवा सबसे आसान विकल्प हैं.
यह भी पढ़ें: तेल की बोतल हो गई चिपचिपी? ये घरेलू नुस्खे मिनटों में कर देंगे साफ
