Seasonal Flu: मौसम बदलने के साथ कई लोग सीजनल फ्लू की चपेट में आ जाते हैं. इस दौरान बुखार, सर्दी, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. डाॅ. मोनिका दीक्षित बताती हैं कि कई लोग इसे सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं है. दवा के साथ-साथ सही खानपान भी शरीर को जल्दी ठीक होने में मदद करता है. अगर आपको भी सीजनल फ्लू हुआ है, तो डाॅ. मोनिका दीक्षित के अनुसार अपनी डाइट में इन चीजों को जरूर शामिल करें.
शरीर को रखें हाइड्रेट
फ्लू के दौरान शरीर में पानी की कमी हो सकती है. इसलिए दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें. इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, सूप और गुनगुने पेय भी ले सकते हैं. इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होती और कमजोरी भी कम महसूस होती है.
हल्का और पौष्टिक भोजन करें
बीमारी के समय भारी और मसालेदार खाना खाने से बचना चाहिए. इसकी जगह खिचड़ी, दलिया, मूंग दाल, सादी रोटी और उबली हुई सब्जियां खाएं. ये आसानी से पच जाती हैं और शरीर को जरूरी पोषण भी देती हैं.
फल और हरी सब्जियां खाएं
सीजनल फ्लू के दौरान विटामिन C से भरपूर फल जैसे संतरा, मौसमी, अमरूद, कीवी और पपीता खाना फायदेमंद माना जाता है. इसके साथ पालक, गाजर, टमाटर और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां भी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद कर सकती हैं.
प्रोटीन भी है जरूरी
बीमारी के समय शरीर को रिकवर होने के लिए प्रोटीन की जरूरत होती है. इसलिए दाल, पनीर, दही, दूध, सोया या अंडा जैसी चीजों को अपनी डाइट में शामिल करें. इससे शरीर को ताकत मिलती है और कमजोरी जल्दी दूर हो सकती है.
इन चीजों से दूरी बनाएं
सीजनल फ्लू के दौरान कोल्ड ड्रिंक, जंक फूड, ज्यादा मीठी चीजें और तला-भुना भोजन खाने से बचें. ये शरीर की रिकवरी को धीमा कर सकते हैं. साथ ही पर्याप्त नींद लें, आराम करें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेते रहें.
अगर बुखार कई दिनों तक बना रहे, सांस लेने में तकलीफ हो या कमजोरी लगातार बढ़ती जाए, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें. सही खानपान, आराम और समय पर इलाज से सीजनल फ्लू से जल्दी राहत मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: क्या 6 घंटे से कम की नींद बढ़ा रही है आपका वजन? एक्सपर्ट से जानिए कितना सही है यह दावा
