‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नया ट्विस्ट, अभीरा ने अरमान के सामने रखी बड़ी शर्त

Yeh Rishta Kya Kehlata Hai: ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में अरमान और अभीरा के रिश्ते में नया मोड़ आने वाला है. अभीरा ने अरमान को आखिरी मौका देते हुए कपल काउंसलिंग की शर्त रख दी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अरमान रिश्ते को बचाने के लिए यह कदम उठाएगा.

Yeh Rishta Kya Kehlata Hai: स्टार प्लस का लोकप्रिय शो ये रिश्ता क्या कहलाता है इन दिनों लगातार इमोशनल ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज ड्रामे से दर्शकों को बांधे हुए है. अरमान और अभीरा के रिश्ते में आई दूरी अब कहानी का सबसे बड़ा केंद्र बन चुकी है. हालिया एपिसोड में अरमान अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए अभीरा से माफी मांगता नजर आया, लेकिन अभीरा इतनी आसानी से उसे माफ करने के मूड में नहीं दिख रही है.

अभीरा ने जताई दिल की असुरक्षा

आने वाले एपिसोड में दर्शकों को अभीरा का भावुक पक्ष देखने को मिलेगा. वह अरमान से साफ शब्दों में कहती है कि उसे उसके प्यार पर शक नहीं है, बल्कि इस बात का डर है कि मुश्किल वक्त में वह उसका साथ छोड़ सकता है. अभीरा का कहना है कि पहले भी कई बार दूसरों के बहकावे में आकर अरमान ने उसे अकेला महसूस कराया है और यही डर अब उसके दिल में घर कर चुका है.

अभीरा की ये बातें अरमान को सोचने पर मजबूर कर देती हैं. वह समझ जाता है कि सिर्फ माफी मांग लेने से रिश्ते की दरारें नहीं भरेंगी, बल्कि भरोसा दोबारा जीतना होगा.

रिश्ते को बचाने के लिए रखी नई शर्त

इसी बीच कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब अभीरा अरमान को रिश्ते को एक और मौका देने की बात कहती है. हालांकि इसके साथ वह एक अहम शर्त भी रख देती है. अभीरा चाहती है कि अरमान उसके साथ कपल काउंसलिंग सेशन में जाए, ताकि दोनों अपने रिश्ते की समस्याओं को खुलकर समझ सकें.

पहले तो अरमान इस बात को लेकर असहज नजर आता है. उसे लगता है कि पति-पत्नी के बीच की बातें किसी तीसरे व्यक्ति के सामने रखना सही नहीं होगा. लेकिन अभीरा साफ कर देती है कि अगर अरमान सच में खुद को बदलना चाहता है, तो उसे यह कदम उठाना ही होगा.

क्या काउंसलिंग सेंटर पहुंचेगा अरमान?

अब दर्शकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अरमान अभीरा की शर्त मानकर काउंसलिंग सेंटर पहुंचेगा या फिर दोनों के रिश्ते में दूरी और बढ़ जाएगी. आने वाले एपिसोड में इसी सवाल का जवाब मिलेगा. शो की कहानी जिस तरह आगे बढ़ रही है, उससे साफ है कि मेकर्स रिश्तों में भरोसे और समझ की अहमियत को नए अंदाज में दिखाने की कोशिश कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: पवन के बाद फिर अक्षरा सिंह की जिंदगी में आई नई मोहब्बत, स्पेशल वन को लेकर कही ये बात

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >