Munmun Dutta: टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बबीता जी के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता हाल ही में यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के शो में नजर आई. इस पॉडकास्ट में मुनमुन ने न सिर्फ अपने करियर पर बात की, बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ और ड्रीम हस्बैंड को लेकर भी खुलकर दिल की बात रखी. उनकी ये बातचीत अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है.
किस टाइप का लड़का पसंद है?
पॉडकास्ट में जब रणवीर अल्लाहबादिया ने मुनमुन से उनकी शादी और ड्रीम हस्बैंड को लेकर सवाल किया, तो मुनमुन ने कहा कि बचपन से उनके मन में शादी को लेकर कोई ख्याल नहीं आया. कभी नहीं सोचा कि होने वाला जीवनसाथी किसी खास तरह का ही होना चाहिए. मैंने जिंदगी को उन्होंने हमेशा खुलकर जीया है और रिश्तों को भी उसी नजरिए से देखती हैं. हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें किस “टाइप” का लड़का पसंद है, तो मुनमुन ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें ऐसा इंसान पसंद है, जो बातचीत में अच्छा हो, समझदार हो और सबसे जरूरी, भरोसेमंद यानी लॉयल हो क्योंकि किसी भी रिश्ते की नींव आपसी समझ और ईमानदारी पर टिकी होती है.
शाहरुख खान को पसंद करती है मुनमुन
इसके साथ ही मुनमुन ने यह कहा कि वे लुक्स को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं करती. अच्छी पर्सनैलिटी के साथ-साथ आकर्षक दिखना भी मायने रखता है. उन्होंने हॉलीवुड एक्टर्स हेनरी कैविल और क्रिस इवांस का उदाहरण देते हुए कहा कि इस तरह की पर्सनैलिटी उन्हें पसंद आती है. पॉडकास्ट में मुनमुन दत्ता ने अपने क्रश को लेकर भी खुलासा किया. उन्होंने बताया कि अगर इंडियन सेलेब्रिटीज की बात करें, तो उन्हें हमेशा से शाहरुख खान पसंद रहे हैं. हालांकि वह उन्हें क्रश नहीं, बल्कि एक कलाकार और इंसान के तौर पर बहुत सम्मान देती हैं. शाहरुख खान से मिलने और उनके साथ काम करने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह सच में एक जेंटलमैन हैं.
रणबीर और सिद्धार्थ भी थे क्रश
मुनमुन ने कहा कि शाहरुख खान अपनी पीढ़ी के ऐसे इंसान हैं, जिनमें विनम्रता और संस्कार साफ नजर आते हैं. मजाकिया अंदाज में मुनमुन ने यह भी कहा कि शायद भगवान ने अब ऐसे इंसान बनाना ही बंद कर दिया है. इसके अलावा मुनमुन ने यह भी बताया कि एक समय ऐसा था जब उन्हें रणबीर कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा पर क्रश था, लेकिन अब ऐसा नहीं है. वक्त के साथ उनकी सोच और पसंद दोनों बदल गई हैं. सोशल मीडिया पर उनके बयान तेजी से वायरल हो रहे हैं.
