Hanuman Ansh Box Office: बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ की कहानी किसी फिल्मी क्लाइमैक्स से कम नहीं है. जिस फिल्म ने शुरुआत में महज 5 लाख की कमाई तक का दौर देखा था, वही अब सिनेमाघरों में इतिहास रच रही है. नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की यह भक्ति ड्रामा 40 दिन पूरे करने की दहलीज पर पहुंचकर भी बॉक्स ऑफिस पर दहाड़ रही है.
छठे सोमवार को हनुमान अंश ने कमा डाले इतने करोड़
Sacnilk के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने अपने छठे सोमवार को भारत में 8.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. फिल्म ने यह कमाई 9,198 शोज के साथ की. इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई 222.88 करोड़ रुपये पहुंच गई है. वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 279.80 करोड़ रुपये हो चुका है.
‘हैवान’ और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को भी पछाड़ा
सोमवार को ‘हनुमान अंश’ ने सिर्फ ‘धुरंधर 2’ ही नहीं, बल्कि कई दूसरी फिल्मों को भी कमाई में पीछे छोड़ दिया. सैफ अली खान और अक्षय कुमार स्टारर ‘हैवान’ को रिलीज हुए सिर्फ चार दिन हुए थे, लेकिन सोमवार को फिल्म ने 3,265 शोज से महज 70 लाख रुपये कमाए. इसके मुकाबले ‘हनुमान अंश’ की कमाई करीब 11 गुना ज्यादा रही.
वहीं, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सोमवार को 7,014 शोज से 5.50 करोड़ रुपये कमाए. यहां भी ‘हनुमान अंश’ ने बाजी मार ली.
ये भी पढ़ें: Hanuman Ansh Box Office: 38वें दिन भी नीम करौली बाबा का चमत्कार बरकरार, छठे हफ्ते में डबल डिजिट में की कमाई
15 दिन तक 50 लाख से नीचे थी कमाई, फिर पलटा गेम
7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती 15 दिनों तक भारत में रोजाना 50 लाख रुपये से कम का कलेक्शन किया. उस वक्त फिल्म की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि यह लंबी रेस खेलेगी, लेकिन इसके बाद फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. कुछ दिनों में तो इसका डेली कलेक्शन 22 करोड़ रुपये से भी ऊपर चला गया. यानी जिस फिल्म को शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार के कारण नजरअंदाज किया जा रहा था, उसने बाद में अपनी कमाई से पूरा गेम बदल दिया.
क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?
‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित ड्रामा में शोभिनव सतैया, विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. इसकी कहानी और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है. सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी विशाल बावा ने संभाली है, जबकि फिल्म की एडिटिंग शंख राजाध्यक्ष ने की है. इसमें साधु तिवारी, ऋषि पाठक, श्रेयस धर्माधिकारी, सुनील लोढ़ी, धीरेंद्र मुलकलवार और विशाल चतुर्वेदी जुड़े हुए हैं.
ये भी पढ़ें: 205 करोड़ कमाए, फिर भी हाथ से निकला ऑस्कर... Hanuman Ansh की प्रोड्यूसर ने बताई ऐसी वजह, सुनकर पकड़ लेंगे सिर
