Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 42: रणवीर सिंह, आर माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ लगातार बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के 42 दिनों बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार पूरी तरह थमी नहीं है. हालांकि अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ से कड़ी टक्कर मिलने के बाद भी यह फिल्म दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए हुए है.
Sacnilk की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने अब तक दुनियाभर में करीब 1782 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. इसमें भारत का ग्रॉस कलेक्शन 1357 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है, जबकि ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने लगभग 425 करोड़ रुपये की कमाई की है. वहीं घरेलू नेट कलेक्शन 1133 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है.
42वें दिन भी कायम रहा ‘धुरंधर 2’ का दबदबा
रिलीज के 42वें दिन यानी छठे बुधवार को भी ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 1 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की. आमतौर पर किसी फिल्म की कमाई छठे हफ्ते तक आते-आते काफी धीमी पड़ जाती है, लेकिन रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म अब भी सिनेमाघरों में टिके रहने में कामयाब रही है. यही वजह है कि ट्रेड एनालिस्ट्स इसे साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में गिन रहे हैं.
‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड खतरे में
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों को देखें तो ‘धुरंधर 2’ अब ‘बाहुबली 2’ के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन के बेहद करीब पहुंच गई है. यही वजह है कि फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई स्थिर बनी रहती है, तो यह रिकॉर्ड जल्द टूट सकता है.
‘दंगल’ तक पहुंचना क्यों मुश्किल?
हालांकि ‘दंगल’ का रिकॉर्ड तोड़ना ‘धुरंधर 2’ के लिए आसान नहीं माना जा रहा. आमिर खान की उस फिल्म ने भारत के साथ-साथ चीन में भी जबरदस्त कमाई की थी. चीन के बॉक्स ऑफिस पर मिली ऐतिहासिक सफलता ने ‘दंगल’ को ग्लोबल स्तर पर नई ऊंचाई दी थी. यही कारण है कि उसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन आज भी कई फिल्मों के लिए चुनौती बना हुआ है.
जापान रिलीज से बढ़ सकती है कमाई
फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा है कि निर्देशक आदित्य धर अब ‘धुरंधर 2’ को जापान में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं. अगर ऐसा होता है, तो फिल्म के ग्लोबल कलेक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है. फिलहाल दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ‘धुरंधर 2’ आने वाले दिनों में नया इतिहास रच पाएगी या नहीं.
यह भी पढ़ें: जापान में भी बजेगा ‘धुरंधर’ का डंका, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
