पुणे: मराठी फिल्म निर्माता अतुल तापकीर को आत्महत्या के लिये उकसाने के आरोप में उसकी पत्नी और चार अन्य को गिरफ्तार किया गया. तापकीर ने शहर के एक होटल में आत्महत्या कर ली थी. डेक्कन जिमखाना पुलिस ने अतुल की पत्नी प्रियंका तापकीर (32), प्रसाद उर्फ बालू गवहाने, कल्याण गवहाने और बापू थिगले को आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 34 (समान इरादा) के तहत गिरफ्तार किया.
पुलिस ने बताया कि बालू गवहाने और कल्याण गवहाने प्रियंका के संबंधी नहीं हैं लेकिन वह उन्हें भाई जैसा मानती है जबकि थिगले प्रियंका का रिश्तेदार है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें यहां की एक अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. ‘ढोल ताशे’ (2015) फिल्म के निर्माता अतुल तापकीर ने गत रविवार को शहर के एक होटल के कमरे में कथित रुप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी.
मराठी फिल्म प्रोड्यूसर अतुल तापकीर ने की आत्महत्या, फेसबुक पर लिखा सुसाइड नोट
उन्होंने शनिवार देर रात को फेसबुक पर लिखा था कि वह अपनी पत्नी के साथ समस्याओं को लेकर आत्महत्या करने जा रहे हैं. अतुल ने यह आरोप भी लगाया था कि उनकी पत्नी उनका शोषण कर रही है और उसके दोनों भाइयों (बालू और कल्याण) ने उनके साथ मारपीट की जबकि थिगले ने उन्हें धमकाया.
अतुल ने सुसाइड नोट में लिखा था कि प्रियंका न सिर्फ उन्हें मानसिक प्रताड़ना देती थी बल्कि उन्हें बच्चों से भी मिलने नहीं देती थी. अतुल ने यह भी लिखा था कि प्रियंका का व्यवहार उसके परिवारवालों के साथ भी अच्छा नहीं था. बता दें कि मराठी फिल्म ‘ढोलताशे’ के निर्माता रह चुके है और मराठी फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना पहचाना नाम है.
