आमतौर पर सेलीब्रिटीज स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद फिल्मों में काम करने के लिए हामी भरते हैं लेकिन अभिनेत्री श्रद्धा कपूर को ‘ओके जानू’ की कहानी इतनी पसंद आई कि उन्होंने बिना स्क्रिप्ट पढ़े ही फिल्म को हां कह दिया था. फिल्म को करण जौहर प्रोड्यूस कर रहे हैं.
हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान श्रद्धा कपूर ने कहा,’ जब फिल्म के निर्देशक शाद अली ने ओरिजनल तमिल फिल्म दिखाई, मुझे यह फिल्म बेहद पसंद आई. मैं फिल्म देखने के बाद इतना एक्साइटिड हो गई थी कि मैंने स्क्रिप्ट पढ़े बिना ही फिल्म को हां कह दिया.’
बता दें कि ‘ओके जानू’ तमिल फिल्म ‘ओ कंधल कणमनि’ की हिंदी रीमेक है. फिल्म में श्रद्धा कपूर और आदित्य रॉय कपूर मुख्य भूमिका में हैं. श्रद्धा ने यह भी कहा कि फिल्म में उनका किरदार आदित्य से ज्यादा मैच्योर है इसलिए उन्होंने कई चीजों में बदलाव किया.
फिल्म में रहमान का म्यूजिक है और गुलजार ने फिल्म की कहानी लिखी है. ‘ओके जानू’ मणिरत्नम की सुपरहिट तमिल फिल्म ‘ओ कंधल कणमनि’ की हिंदी रीमेक है. फिल्म की कहानी दो युवा जोड़े की है जो लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हैं.
फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और लीला सैमसन भी मुख्य भूमिका में हैं. आदित्य और श्रद्धा दूसरी बार एकसाथ काम करने जा रहे हैं. दोनों इससे पहले हिट फिल्म ‘आशिकी 2’ में नजर आ चुके हैं. ‘ओके जानू’ 13 जनवरी को रिलीज हो रही है.
