महानायक अमिताभ बच्चन ने 4 सितंबर को अपनी नातिन नव्या नवेली नंदा और पोती आराध्या बच्चन के नाम एक सार्वजनिक खत लिखा था, जिसे उन्होंने फेसबुक अकांउट पर भी शेयर किया था. इसमें उन्होंने अपनी दोनों लाडली पोतियों को बताया था कि एक महिला होने के नाते उनके सामने कई परेशानियां आयेंगी और उन्हें पूरा विश्वास है दोनों डटकर इसका सामना करेंगी.
अब बिग बी की प्यारी नातिन नव्या नवेली ने उनके इस खत का एक प्यारा सा जवाब दिया है. उन्होंने कहा,’ नानू, मैं इसका पूरा पालन करूंगी.’ अमिताभ की बेटी श्वेता नंदा ने कहा,’ मैं नव्या को काफी सालों से यह सब सिखाने और समझाने की कोशिश कर रही थी और आपके सिर्फ एक पत्र ने यह सब कर दिया. इस खत का सीधा असर हुआ.’
इसके अलावा अमिताभ ने इस बात का भी खुलासा किया कि उन्हें यह खत लिखने का ख्याल कहां से आया. बिग बी ने बताया,’ हमलोग फिल्म ‘पिंक’ का प्रमोशन कर रहे थे. इस दौरान कई इंटरव्यू में लोगों यह जानने के लिए उत्सुक दिखे कि यह कैसी फिल्म है. यह एक थ्रिलर फिल्म थी और बिना कहानी बताये इस फिल्म के बारे में बताना संभव नहीं था.’
उन्होंने आगे बताया,’ मुझे शूजित ने कहा कि क्यों न इस फिल्म के मैसेज को एक खत के रूप में सामने लाया जाये, क्यों न आप एक खत अपने पोतियों के नाम लिखें. यह एक शानदार तरीका होगा बिना फिल्म की कहानी बताये ‘पिंक’ के बारे में बताने का.’ बता दें कि ‘पिंक’ का निर्देशन अभिनव रॉय ने किया है.
फिल्म ने रविवार तक 21.51 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. फिल्म में अमिताभ के अलावा तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में हैं.
