दिनेश लाल यादव ने बताईं अपनी 3 सबसे खास भोजपुरी फिल्में, जिन्हें परिवार के साथ बैठकर देख सकते हैं

Dinesh Lal Yadav: भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव ने अपनी तीन पसंदीदा भोजपुरी फिल्मों के बारे में बताया है, जिन्हें पूरे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है. साफ-सुथरी कहानी, मनोरंजन और इमोशनल ड्रामा से भरपूर ये फिल्में दर्शकों को खूब पसंद आती हैं.

Dinesh Lal Yadav: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने हाल ही में आयोजित एक अवार्ड शो में उन फिल्मों का जिक्र किया, जिन्हें वह अपने दिल के बेहद करीब मानते हैं. खास बात यह रही कि निरहुआ ने जिन फिल्मों के नाम लिए, उन्हें उन्होंने परिवार के साथ बैठकर देखने लायक बताया. इवेंट के दौरान उन्हें बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया.

‘परिवार’ को बताया सबसे भावुक फिल्म

निरहुआ ने सबसे पहले अपनी फिल्म ‘परिवार’ का नाम लिया. उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके दिल के बहुत करीब है और जब भी वह इसे देखते हैं तो भावुक हो जाते हैं. फिल्म में रिश्तों, संस्कारों और परिवार की अहमियत को बेहद सरल तरीके से दिखाया गया है. साल 2009 में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. इसके गानों को भी लोगों का भरपूर प्यार मिला था.

‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ ने दिलाई अलग पहचान

दिनेश लाल यादव ने अपनी दूसरी पसंदीदा फिल्म के तौर पर ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ का नाम लिया. यह फिल्म साल 2014 में रिलीज हुई थी और रिलीज के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री में छा गई थी. फिल्म में निरहुआ के साथ आम्रपाली दुबे नजर आई थीं. कहानी एक ऐसे गांव के युवक की है, जो मजबूरी में शादी करता है, लेकिन बाद में उसे सच्चे प्यार का एहसास होता है. कॉमेडी, रोमांस और इमोशन से भरपूर इस फिल्म ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था.

‘निरहुआ रिक्शावाला’ बनी करियर का टर्निंग पॉइंट

निरहुआ ने अपनी चर्चित फिल्म ‘निरहुआ रिक्शावाला’ को भी खास बताया. साल 2008 में रिलीज हुई इस फिल्म ने उन्हें भोजपुरी सिनेमा का बड़ा स्टार बना दिया था. फिल्म में उन्होंने एक रिक्शा चालक का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा. कम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और लंबे समय तक इसकी चर्चा होती रही.

आज भी ये तीनों फिल्में भोजपुरी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं. परिवार, प्यार और संघर्ष की कहानी दिखाने वाली इन फिल्मों को लोग पूरे परिवार के साथ देखना पसंद करते हैं.

यह भी पढ़ें: 9 मई को टीवी पर धमाल मचाएगी आम्रपाली दुबे की फिल्म, ‘लाखों में एक पवले बानी हम बहुरानी’ का होगा प्रीमियर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >