Asha Bhosle Last Rituals: संगीत की दुनिया से एक ऐसी खबर आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं. अपनी जादुई आवाज से दशकों तक लोगों के दिलों पर राज करने वाली आशा भोसले अब इस दुनिया में नहीं रहीं. 92 साल की उम्र में आशा भोसले ने मुंबई में आखिरी सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही फैंस से लेकर बड़े-बड़े सितारे तक गम में डूब गए हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
अंतिम दर्शन के लिए घर पहुंचा पार्थिव शरीर
बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर लोअर परेल स्थित उनके घर लाया गया, जहां उन्हें अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है. जैसे ही यह खबर फैली, उनके घर के बाहर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि उनका अंतिम संस्कार 13 अप्रैल को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा. उनके बेटे आनंद भोसले ने बताया कि अंतिम दर्शन के लिए भी व्यवस्था की गई है, ताकि चाहने वाले उन्हें आखिरी विदाई दे सकें.
16 साल में की थी 31 साल के शख्स से शादी
अगर उनकी निजी जिंदगी की बात करें तो आशा भोसले का जीवन भी काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा. उन्होंने महज 16 साल की उम्र में अपने से 15 साल बड़े गणपतराव भोसले से शादी कर ली थी. हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला और करीब 11 साल बाद दोनों अलग हो गए. इसके बाद उन्होंने 47 साल की उम्र में मशहूर संगीतकार आरडी बर्मन से दूसरी शादी की. यह रिश्ता भी करीब 14 साल तक चला, क्योंकि 1994 में आर.डी. बर्मन का निधन हो गया. आशा भोसले के जाने से संगीत जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है, जिसे भर पाना शायद कभी संभव नहीं होगा.
यह भी पढे़ं: Asha Bhosle का वो गाना जिसे किया गया था बैन, लगे थे गंभीर आरोप
