Aadu 3 OTT Release: मोस्ट अवेटेड मलयालम फिल्म ‘आडू 3: वन लास्ट राइड – पार्ट 1’ इसी साल 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. बड़े पर्दे पर शानदार रिस्पांस मिलने के बाद अब यह फिल्म ओटीटी पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. अगर आप इसे थिएटर में देखने से चूक गए थे या इसे दोबारा देखना चाहते हैं, तो आइए आपको बताते हैं कि आप इसे घर बैठे कब और कहां स्ट्रीम कर सकते हैं.
कब और कहां रिलीज होगी फिल्म?
‘आडू 3’ 1 मई 2026 से ZEE5 पर दिखाई जाएगी. फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा है कि शाजी पाप्पन और उनकी टीम अपनी पुरानी पागलपंती और मस्ती के साथ वापस आ रही है.
क्या है ‘आडू 3’ की कहानी?
आमतौर पर ‘आडू’ सीरीज की फिल्मों में हम सिर्फ हंसी-मजाक देखते थे, लेकिन इस बार की कहानी एकदम अलग है. इसमें टाइम ट्रैवल और जादू जैसी चीजों को दिखाया गया है. कहानी की शुरुआत भविष्य के साल 2370 से होती है, जहां धरती की सारी प्राकृतिक चीजें खत्म हो चुकी हैं और दुनिया पर एक बुरा ग्रुप राज कर रहा है. यह ग्रुप ‘स्टार डस्ट’ नाम की एक जादुई चीज धुंध रहा है ताकि वह समय को अपनी मर्जी से बदल सके और हमेशा के लिए ताकतवर बना रहे.
दुनिया को इस बुरे ग्रुप से बचाने के लिए बाबा नाम के एक व्यक्ति एक खास प्लान बनाते हैं. वे जानते हैं कि समय एक सीधी लकीर की तरह नहीं है, बल्कि आज, कल और आने वाला समय सब आपस में जुड़े हुए हैं. भविष्य को ठीक करने के लिए कहानी हमें आज के दौर के हमारे चहेते ‘शाजी पाप्पन’ और उनकी मजेदार टोली के पास ले जाती है. इतना ही नहीं, यह फिल्म हमें साल 1790 के बहुत पुराने जमाने की सैर भी कराती है.
यह फिल्म एक सस्पेंस पर खत्म होती है, जिसका अगला हिस्सा ‘पार्ट 2’ में देखने को मिलेगा.
कौन-कौन है इस फिल्म में?
फिल्म में जयसूर्या एक बार फिर अपने चहेते ‘शाजी पाप्पन’ वाले अवतार में नजर आएंगे और उनका साथ देने के लिए सैजू कुरुप, विनायकन और धर्मजन बोलगाट्टी जैसे पुराने मंझे हुए कलाकार अपनी पूरी टोली के साथ वापस लौट आए हैं. इस बार फिल्म को और मजेदार बनाने के लिए कृष्णा जीव और अल्लेया बोर्न जैसे कुछ नए कलाकारों को भी जोड़ा गया है. सिर्फ इतना ही नहीं, ग्लैमर का तड़का लगाने के लिए एक्ट्रेस वेदिका का एक धमाकेदार स्पेशल डांस नंबर भी फिल्म में शामिल किया गया है.
यह भी पढ़ें: पूरी दुनिया में नंबर 1 बनी विजय वर्मा की ‘Matka King’, अमिताभ बच्चन और प्रियंका चोपड़ा भी हुए मुरीद
