BPSC Success Story Aditi Kumari: बिहार में 70वीं कंबाइंड परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद कई प्रेरणादायक कहानियां सामने आने लगीं. इन्हीं कहानियों में एक नाम बिहार के सारण जिले की रहने वाली अदिति कुमारी का भी है. अदिति ने बिना कोचिंग ही BPSC 70वीं परीक्षा को रैंक 248 के साथ क्रैक कर लिया है. आइए उनकी जर्नी पर एक नजर डालते हैं.
BPSC Success Story Aditi Kumari: कौन हैं अदिति कुमारी?
अदिति कुमारी बिहार के बिहार के सारण जिले के एकमा ब्लॉक स्थित गांव अतरसन की रहने वाली हैं. अदिति के पिता धर्मेंद्र कुमार सिंह आर्मी में सूबेदार के पद पर तैनात रह चुके हैं. वहीं, उनकी माता एक गृहिणी हैं.
पिता की नौकरी आर्मी में होने के चलते अदिति की पढ़ाई कई अलग-अलग जगहों पर हुई है. अदिति ने 8वीं तक छपरा के ब्रजकिशोर किंडरगार्टन स्कूल से पढ़ाई की है. इसके बाद 9वीं से 12वीं तक गुरदासपुर, पंजाब के आर्मी पब्लिक स्कूल में पढ़ाई की.
दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई
स्कूलिंग खत्म होने के बाद अदिति ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज में एडमिशन लिया. 2022 में हिस्ट्री और पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन पूरा करने वाली अदिति फिलहाल IGNOU से हिस्ट्री में मास्टर्स कर रही हैं.
सिविल सर्विस की तैयारी
कॉलेज के साथ ही अदिति ने सिविल सर्विस की तैयारी शुरू कर दी. साल 2024 में अदिति ने अपना पहला और अब तक का इकलौता UPSC प्रयास दिया, लेकिन प्रीलिम्स कटऑफ से महज 2.66 नंबर से चूक गईं. अदिति के लिए 2024 साल दो झटकों वाला रहा. एक UPSC प्रीलिम्स में और दूसरा 69वीं BPSC में.
लगातार दो असफलताओं के बाद अदिति का मनोबल पूरी तरह टूट चुका था. 70वीं BPSC में बैठने का मन ही नहीं था. लेकिन माता-पिता की जिद और भरोसे ने उन्हें फिर से मैदान में उतार दिया, और नतीजा सबके सामने है.
सेल्फ स्टडी और भोले बाबा का आशीर्वाद
अदिति बताती हैं कि उन्होंने BPSC के लिए कभी कोई फुलटाइम कोचिंग नहीं ली थी. उन्होंने BPSC की तैयारी सिर्फ टेस्ट सीरीज और सेल्फ स्टडी के दम पर की. BPSC 70वीं परीक्षा में उन्हें सफलता हासिल हुई और वो स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर सेलेक्ट हो गई हैं.
अदिति की गली मंजिल UPSC क्लियर कर IAS अफसर बनना है. वो अपनी सफलता का श्रेय वे परिवार के साथ-साथ महादेव जी को भी देती हैं और कहती हैं कि भोले बाबा का सहारा न होता तो वे यहां न होतीं.
ये भी पढ़ें: करजापट्टी गांव की अफसर बिटिया, श्रुति ने ChatGPT, YouTube और सेल्फ स्टडी से क्रैक किया BPSC
