UPSC का बड़ा फैसला, अब प्रीलिम्स एग्जाम के तुरंत बाद जारी होगी आंसर की

UPSC Prelims 2026: संघ लोक सेवा आयोग ने छात्रों के हित में बड़ा फैसला लिया है. अब यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा होने के तुरंत बाद ही प्रोविजनल आंसर की जारी कर दिया जाएगा. इससे स्टूडेंट्स को आगे की तैयारी करने में मदद मिलेगी.

UPSC Prelims 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है. लंबे समय से छात्र जिस बदलाव की मांग कर रहे थे, आयोग ने आखिरकार उस पर मुहर लगा दी है. अब पहली बार सिविल सेवा प्रीलिम्स 2026 के तुरंत बाद उसकी प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी जाएगी. 

क्या है यूपीएससी का नया फैसला और क्यों है यह खास?

अभी तक यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) खत्म होने या सिलेक्शन प्रोसेस पूरा होने के काफी समय बाद आंसर की जारी करता था. इससे छात्रों को लंबे समय तक सस्पेंस में रहना पड़ता था. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. 24 मई को होने वाली प्रीलिम्स एग्जाम के ठीक बाद कैंडिडेट्स को प्रोविजनल आंसर की मिल जाएगी. नई दिल्ली में सोमवार को यूपीएससी ने इस बड़े बदलाव का ऑफिशियल ऐलान किया. 

UPSC Prelims 2026: छात्रों की बरसों पुरानी मांग आखिरकार हुई पूरी

यूपीएससी देश की सबसे कठिन और सम्मानजनक परीक्षा मानी जाती है. इसके जरिए हर साल आईएएस (IAS), आईएफएस (IFS) और आईपीएस (IPS) जैसे बड़े ऑफिसरों का सिलेक्शन होता है. यह एग्जाम तीन स्टेज यानी प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू में बंटी होती है. सालों से छात्र यह मांग कर रहे थे कि प्रीलिम्स परीक्षा खत्म होते ही आंसर की जारी किया जाएं. इससे छात्रों को यह फायदा होगा कि वे तुरंत अपने परफॉर्मेंस का सही अंदाजा लगा सकेंगे और बिना समय गंवाए मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट सकेंगे. 

आपत्ति दर्ज कराने की क्या है आखिरी तारीख?

अगर किसी कैंडिडेट्स को लगता है कि आयोग द्वारा जारी की गई प्रोविजनल आंसर की में कोई जवाब गलत है, तो उसे अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलेगा. कैंडिडेट्स 31 मई की शाम 6 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए उम्मीदवारों को एक तय समय सीमा दी गई है, ताकि सारी प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके. 24 मई को परीक्षा देने के बाद छात्रों के पास अपनी आपत्तियों को जुटाने और उन्हें दर्ज कराने के लिए लगभग एक हफ्ते का समय रहेगा. 

आपत्ति दर्ज कराने का क्या है तरीका?

अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए कैंडिडेट्स को यूपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाना होगा. यहां  एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है, जिसके जरिए छात्र अपनी शिकायतें जमा कर सकते हैं. हालांकि, सिर्फ यह कह देना काफी नहीं होगा कि जवाब गलत है. छात्रों को अपने दावे के समर्थन में सही उत्तर का एक छोटा सा विवरण देना होगा. इसके साथ ही, उन्हें तीन प्रामाणिक स्रोतों यानी गवर्नमेंट डॉक्यूमेंट का पूरा प्रूफ भी अपलोड करने होंगे. 

विशेषज्ञों की टीम कैसे करेगी आपत्तियों की जांच?

यूपीएससी ने यह पूरी तरह साफ कर दिया है कि छात्रों की हर एक आपत्ति को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा. इसके लिए सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स की एक खास टीम बनाई जाएगी.  यह टीम छात्रों द्वारा भेजी गई आपत्तियों और उनके साथ लगाए गए डॉक्यूमेंट की गहराई से जांच करेगी. एक्सपर्ट इस बात की समीक्षा करेंगे कि आंसर की में सुधार की जरूरत है या नहीं. सभी शिकायतों और सुझावों पर अच्छे से विचार करने के बाद ही फाइनल आंसर की (Final Answer Key) तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर रिजल्ट बनेगा. 

यह भी पढ़ें: JEE Main में 99 परसेंटाइल, 12वीं में मिले 75% से भी कम, खतरे में IIT का सपना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Smita Dey

स्मिता दे प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम कर रही हैं. बुक्स पढ़ना, डांसिंग और ट्रैवलिंग का शौक रखने वाली स्मिता युवाओं को बेहतर करियर गाइड करना और नौकरी के लिए प्रोत्साहित करना पसंद करती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >