Child Investment Planning: हर माता-पिता का एक ही सबसे बड़ा सपना होता है अपने बच्चे की कामयाबी. हम चाहते हैं कि हमारा बच्चा दुनिया की बेहतरीन शिक्षा हासिल करे और अपने पैरों पर खड़ा हो. इसके लिए हम दिन-रात मेहनत भी करते हैं, लेकिन आज के दौर में सिर्फ मेहनत काफी नहीं है. बढ़ती महंगाई के इस दौर में, खासकर हायर एजुकेशन (Higher Education) और प्रोफेशनल कोर्सेज की फीस जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उसे देखते हुए केवल बचत करना काफी नहीं रह गया है. आज जरूरत है एक स्मार्ट फाइनेंशियल प्लानिंग की.
अगर आप सही समय पर सही जगह इन्वेस्ट की शुरुआत करते हैं, तो आपकी आज की छोटी-छोटी बचत कल आपके बच्चे के लिए एक मजबूत आर्थिक ढाल बन सकती है. चाहे वह बेटी की पढ़ाई हो या बेटे का करियर, सरकार और बैंकों के पास ऐसी कई शानदार योजनाएं हैं जो बिना किसी जोखिम के आपके इन्वेस्ट को कई गुना बढ़ा सकती हैं. आइए जानते हैं उन टॉप इन्वेस्टमेंट ऑप्शनस के बारे में, जो आपके बच्चे के सपनों को हकीकत में बदलने की ताकत रखते हैं.
PPF (पब्लिक प्रॉविडेंट फंड)
Public Provident Fund (PPF) बच्चों के लिए सबसे सुरक्षित और लॉन्ग टर्म वाला इन्वेस्ट माना जाता है. माता-पिता अपने बच्चे के नाम पर खाता खोल सकते हैं और सिर्फ ₹500 से शुरुआत कर सकते हैं, जबकि साल में ज्यादा से ज्यादा ₹1.5 लाख जमा कर सकते हैं. इस पर अभी करीब 7.1% ब्याज मिलता है. इसमें 15 साल का लॉक-इन होता है और सबसे अच्छी बात ये है कि मिलने वाला पैसा पूरी तरह टैक्स-फ्री होता है. समय के साथ इसमें ब्याज पर ब्याज जुड़ता रहता है, जिससे अच्छा खासा फंड बन जाता है.
NPS वात्सल्य योजना
NPS Vatsalya Scheme एक नई स्कीम है, जिसमें आप अपने बच्चे के लिए जल्दी इन्वेस्ट शुरू कर सकते हैं. इसमें ₹1,000 से शुरुआत हो जाती है और ज्यादा इन्वेस्ट करने की कोई लिमिट नहीं है. बच्चा जैसे ही 18 साल का होता है, यह खाता अपने आप सामान्य NPS अकाउंट में बदल जाता है. मतलब आगे चलकर वही पैसा बच्चे के रिटायरमेंट के काम भी आ सकता है.
रिकरिंग डिपॉजिट (RD)
Recurring Deposit (RD) उन लोगों के लिए बढ़िया है जो हर महीने थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाना चाहते हैं. इसमें हर महीने एक तय रकम जमा करनी होती है और उस पर फिक्स ब्याज मिलता है. इसकी खास बात ये है कि आप छोटी रकम से भी शुरुआत कर सकते हैं, इसलिए कम कमाई वाले लोग भी आसानी से अपने बच्चों के लिए बचत कर सकते हैं.
चिल्ड्रेन म्यूचुअल फंड
Children Mutual Funds में इन्वेस्ट करने पर आपको लंबे समय में ज्यादा रिटर्न मिल सकता है, लेकिन इसमें थोड़ा जोखिम भी होता है क्योंकि यह बाजार से जुड़ा होता है. यह खासतौर पर बच्चों के भविष्य के खर्च जैसे पढ़ाई आदि के लिए बनाया गया है. HDFC Children’s Fund, ICICI Prudential Child Care Fund और SBI Magnum Children’s Benefit Fund जैसे कई विकल्प मौजूद हैं.
सुकन्या समृद्धि योजना
Sukanya Samriddhi Yojana बेटियों के लिए एक बहुत अच्छी सरकारी योजना है. इसमें बेटी के 10 साल की उम्र तक खाता खुल जाता है और सिर्फ ₹250 से इन्वेस्ट शुरू कर सकते हैं. इस पर करीब 8.2% ब्याज मिलता है और 21 साल बाद यह मैच्योर होती है. साथ ही इसमें टैक्स छूट का भी फायदा मिलता है, इसलिए यह बेटियों की पढ़ाई और शादी के लिए काफी लोकप्रिय स्कीम है.
| योजना का नाम | ब्याज दर (लगभग) | न्यूनतम निवेश | टैक्स लाभ | मुख्य विशेषता |
| PPF (नाबालिग) | 7.1% | ₹500/वर्ष | ₹1.5 लाख तक छूट | 15 साल का लॉक-इन, सुरक्षित रिटर्न |
| सुकन्या समृद्धि (SSY) | 8.2% | ₹250/वर्ष | ₹1.5 लाख तक छूट | केवल बेटियों के लिए, सबसे अधिक ब्याज |
| NPS वात्सल्य | मार्केट आधारित | ₹1,000/वर्ष | लागू नियमों अनुसार | रिटायरमेंट के लिए लंबी अवधि की बचत |
| म्यूचुअल फंड | 12-15% (अनुमानित) | ₹500 (SIP) | स्कीम पर निर्भर | लंबी अवधि में बड़ा फंड बनाने की क्षमता |
| बैंक RD | 6-7.5% | ₹100 से शुरू | कोई विशेष छूट नहीं | छोटी बचत और अनुशासन के लिए बेस्ट |
Also Read: क्या है ‘PRARAMBH’? जानें कैसे आसान होगा 1 अप्रैल 2026 से टैक्स भरना
