शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर में यह बढ़त फीकी पड़ गई. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने बढ़त के साथ कारोबार शुरू किया, लेकिन कच्चे तेल के बढ़ते दाम और कमजोर विदेशी संकेतों के चलते बाजार जल्द ही लाल निशान में आ गया.
रिपोर्टिंग के समय सेंसेक्स 44.52 अंक यानी 0.06 फीसदी गिरकर 77,493.20 के आसपास कारोबार कर रहा था. वहीं निफ्टी 10.50 अंक यानी 0.04 फीसदी की गिरावट के साथ 24,221.35 के करीब था.
बाजार ने कैसे की शुरुआत?
शुक्रवार को सेंसेक्स 77,701.07 पर खुला, जबकि गुरुवार को यह 77,537.72 पर बंद हुआ था. यानी सेंसेक्स ने 160 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ शुरुआत की. इसी तरह निफ्टी 24,284.05 पर खुला. पिछली क्लोजिंग 24,231.85 थी. यानी निफ्टी ने करीब 52 अंक ऊपर से शुरुआत की. लेकिन शुरुआती बढ़त ज्यादा देर नहीं टिक सकी. ज्यादातर व्यापक बाजार इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे. सेक्टरों में भी दबाव देखने को मिला. हालांकि, मेटल और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में खरीदारी बनी रही.
किन शेयरों में तेजी और कहां गिरावट?
एनएसई पर कोटक बैंक, हिंडाल्को, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, कोल इंडिया, आयशर मोटर्स, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और ओएनजीसी जैसे शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे. वहीं टीसीएस, टाइटन, ग्रासिम, इंफोसिस, एचसीएल टेक, इंडिगो, एलएंडटी, जेएसडब्ल्यू स्टील और आईटीसी जैसे शेयर दबाव में रहे. बीएसई पर कोटक बैंक, बीईएल, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में रहे. दूसरी तरफ टीसीएस, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एमएंडएम, आईटीसी, रिलायंस, एलएंडटी और टेक महिंद्रा में गिरावट रही.
ये भी पढ़ें: $93 के पार Crude, 5% की साप्ताहिक तेजी से बढ़ी तेल बाजार की चिंता
कच्चे तेल ने क्यों बढ़ाई बाजार की चिंता?
शेयर बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता फिलहाल कच्चे तेल की तेजी है. रिपोर्टिंग के समय ब्रेंट क्रूड करीब 93.42 डॉलर प्रति बैरल और कच्चा तेल करीब 86.37 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. मार्केट और बैंकिंग एक्सपर्ट अजय बग्गा के मुताबिक, एशियाई बाजारों में अभी सावधानी का माहौल है. भारत को एंटी-एआई रुझान से फायदा मिल रहा है, लेकिन महंगा तेल महंगाई बढ़ा सकता है. इससे आगे चलकर ब्याज दरों और मौद्रिक नीति पर भी दबाव पड़ सकता है. एचएसएल प्राइम रिसर्च के देवरश वकील ने कहा कि अमेरिकी शेयर बाजार में तेज गिरावट और 10 साल और 30 साल वाले अमेरिकी सरकारी बॉन्ड की बढ़ती यील्ड ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है. इसके साथ ही ईरान से जुड़े तनाव के बीच कच्चा तेल एक महीने के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया है.
निफ्टी के लिए आज कौन-से स्तर अहम?
मार्केट एनालिस्ट विपिन दीसेना के मुताबिक, आज बाजार का रुख फिलहाल सावधानी के साथ सकारात्मक है. हालांकि, इसे अभी ट्रेंड बदलने का पक्का संकेत नहीं माना जा सकता.
उनके मुताबिक निफ्टी के लिए:
- 24,300-24,400: अहम रेजिस्टेंस जोन
- 24,400 के ऊपर: तेजी 24,500 तक जा सकती है
- 24,000: अहम सपोर्ट स्तर
विपिन दीसेना के मुताबिक, जब तक निफ्टी 24,400 के ऊपर मजबूती से टिकता नहीं है, तब तक मौजूदा तेजी को सिर्फ रिकवरी मानना बेहतर होगा. इसे अभी नई तेजी की शुरुआत नहीं कहा जा सकता.
ये भी पढ़ें: चीनी के बढ़ते दाम पर सरकार का शिकंजा, 1 सितंबर से स्टॉक रखने पर नई लिमिट
