Kisan Credit Card: देश के करोड़ों किसानों को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बड़ी राहत देते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के नियमों में बड़े बदलाव किए हैं. इन नई गाइडलाइन्स का मुख्य उद्देश्य लोन लेने की प्रक्रिया को सरल बनाना और किसानों को उनकी खेती की जरूरतों के हिसाब से लचीलापन देना है. अब खेती से जुड़े कामों के लिए कर्ज लेना पहले से कहीं ज्यादा आसान और स्पष्ट हो जाएगा.
इन बैंकों में प्रभावी होंगे नए नियम
RBI द्वारा जारी किए गए ये नए निर्देश सभी मुख्य बैंकिंग संस्थानों पर लागू होंगे, जिनमें शामिल हैं:
- सभी कमर्शियल बैंक
- स्मॉल फाइनेंस बैंक
- क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs)
- ग्रामीण सहकारी बैंक
पूरे देश में लागू होगा एक जैसा फ्रेमवर्क
किसानों के बीच भ्रम की स्थिति को खत्म करने के लिए RBI ने अब पूरे देश में एक जैसा ढांचा (Uniform Framework) लागू करने का प्रस्ताव दिया है. इसके तहत बैंकों को KCC योजना को और अधिक सरल बनाने को कहा गया है. सबसे बड़ा बदलाव फसलों के सीजन को लेकर है. अब कम अवधि वाली फसलों के लिए 12 महीने और लंबी अवधि वाली फसलों के लिए 18 महीने का एक समान चक्र तय किया गया है. इससे पूरे देश में लोन देने और उसकी वसूली की समय-सीमा एक जैसी रहेगी.
लोन चुकाने के लिए अब मिलेगा 6 साल का समय
इस नए प्रस्ताव में सबसे राहत भरी बात लोन की अवधि को लेकर है. RBI ने KCC लोन की समय-सीमा को बढ़ाकर 6 साल करने का सुझाव दिया है. यह उन किसानों के लिए वरदान साबित होगा जो ऐसी फसलें उगाते हैं जिन्हें तैयार होने में ज्यादा समय लगता है. फसल चक्र लंबा होने के कारण अक्सर किसानों को जल्द लोन चुकाने में दिक्कत आती थी, लेकिन अब 6 साल की अवधि मिलने से उन पर आर्थिक दबाव कम होगा और वे आसानी से अपनी आय के हिसाब से पैसा लौटा सकेंगे.
Also Read: बैंकों ने घटाया ब्याज तो क्या हुआ? सरकार की इन 3 स्कीमों में पैसा डालिए और हो जाइए मालामाल
