OpenAI IPO: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में क्रांति लाने वाली कंपनी OpenAI अब शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है. ‘द न्यूयार्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ChatGPT बनाने वाली यह कंपनी आने वाले कुछ हफ्तों में कॉन्फिडेंशियली इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO के लिए कागजी कार्रवाई शुरू कर सकती है. अगर सब कुछ ठीक रहा, तो इस साल सितंबर तक OpenAI का IPO मार्केट में दस्तक दे सकता है. इस बड़े कदम के लिए कंपनी गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली जैसी दिग्गज वॉल स्ट्रीट बैंकों के साथ मिलकर काम कर रही है.
क्या है OpenAI का पूरा प्लान?
OpenAI इस समय शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव पर पैनी नजर रखे हुए है, इसलिए आईपीओ की सटीक तारीख में थोड़ा बदलाव हो सकता है. फिलहाल कंपनी के स्पोक्सपर्सन ने इस पर सीधा जवाब न देते हुए कहा कि वे सामान्य गवर्नेंस के तहत रणनीतिक ऑप्शंस का मूल्यांकन कर रहे हैं और उनका पूरा ध्यान काम को बेहतर तरीके से पूरा करने पर है. आपको बता दें कि इस साल हुए एक फंडिंग राउंड के बाद प्राइवेट मार्केट में OpenAI की वैल्यू 730 अरब डॉलर (USD 730 Billion) आंकी गई है, और इसमें उनका लेटेस्ट इन्वेस्टमेंट शामिल नहीं है. यह आईपीओ ग्लोबल टेक रेस को एक नए मुकाम पर ले जाएगा.
कौन सी और कंपनियां हैं लाइन में?
बाजार में सिर्फ OpenAI ही अकेली नहीं है. एलन मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी ‘SpaceX’, जिसकी वैल्यू 1 ट्रिलियन डॉलर (USD 1 Trillion) से ज्यादा है, वह भी अगले महीने तक शेयर बाजार में आ सकती है. इसके अलावा OpenAI की प्रतिद्वंदी कंपनी ‘Anthropic’ भी 900 अरब डॉलर (USD 900 Billion) की वैल्यूएशन पर फंड जुटा रही है और पब्लिक होने की तैयारी में है. एक्स्पर्ट्स का मानना है कि इस आईपीओ बूम से सिलिकॉन वैली के टेक अधिकारियों की संपत्ति में भारी इजाफा होगा, जिससे दुनिया के पहले ट्रिलेनियर (Trillionaires) सामने आ सकते हैं. साथ ही, कंपनियों के कर्मचारियों और वॉल स्ट्रीट बैंकों को भी इससे भारी मुनाफा होगा.
क्या हैं OpenAI के सामने चुनौतियां?
एक तरफ जहां बिजनेस में भारी मुनाफे की उम्मीद है, वहीं दूसरी तरफ एआई टेक्नोलॉजी का विरोध भी तेज हो रहा है. दुनिया भर में लोग अपने इलाकों में बन रहे डेटा सेंटर्स का विरोध कर रहे हैं. अमेरिका में पेरेंट्स ग्रुप्स, एनवायरनमेंटलिस्ट्स और रिलिजियस लीडर्स का एक बड़ा आंदोलन खड़ा हो रहा है, जिन्हें डर है कि एआई के कारण उनकी नौकरियां, मानसिक स्वास्थ्य, पर्यावरण और राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है. हालांकि, OpenAI के लिए सोमवार को एक अच्छी खबर आई जब एक अमेरिकी अदालत और जूरी ने एलन मस्क के उस मुकदमे को खारिज कर दिया, जो OpenAI की प्रॉफिट कमाने वाली (for-profit) कंपनी को बंद कराना चाहता था. इस कानूनी जीत ने OpenAI के आईपीओ का रास्ता काफी हद तक साफ कर दिया है.
ये भी पढ़ें: रिकॉर्ड गिरावट के बाद संभला भारतीय रुपया, 41 पैसे की आई मजबूती; जानें ट्रंप के किस बयान का हुआ असर
