वॉर रिस्क खत्म होने की उम्मीद से बाजार में हरियाली, सेंसेक्स 589 अंक उछला

Indian Stock Market 16 April 2026: ग्लोबल मार्केट में आए सुधार और कच्चे तेल की गिरती कीमतों से इन्वेस्टर्स का उत्साह बढ़ गया है. सेंसेक्स 589 अंक चढ़ा है. जानिए किन सेक्टर्स में आज सबसे ज्यादा कमाई हुई है.

Indian Stock Market 16 April 2026: आज 16 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखी गई है. बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी ने लंबी छलांग लगाई है. सेंसेक्स करीब 589 अंक चढ़कर 78,649 के स्तर पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी50 ने भी 24,392 का हाई छुआ है. इस तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म होने की बढ़ती उम्मीदें हैं. जैसे ही इन्वेस्टर्स को लगा कि तनाव कम हो रहा है, उन्होंने राहत की सांस ली और बाजार में खरीदारी लौट आई. 

किन कंपनियों ने कराई मोटी कमाई?

बाजार की इस बढ़त को बड़े दिग्गज शेयरों ने सहारा दिया है. HDFC बैंक, ICICI बैंक, इंफोसिस और लार्सन एंड टुब्रो जैसे भारी-भरकम शेयरों में अच्छी खरीदारी रही है. सेक्टर्स की बात करें तो IT और मीडिया शेयरों में 1% से ज्यादा की तेजी देखी गई है. सिर्फ फार्मा सेक्टर में थोड़ी सुस्ती रही, बाकी हर तरफ हरियाली छाई रही है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि जो डर बाजार पर हावी था, वह अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है. 

ग्लोबल मार्केट और कच्चे तेल का क्या हाल है?

पूरी दुनिया के बाजारों में आज उत्साह का माहौल है. अमेरिका के शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए, क्योंकि वहां के बड़े बैंकों (Bank of America और Morgan Stanley) ने उम्मीद से बेहतर मुनाफा कमाया है. इसके अलावा, कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमतें गिरकर 95 डॉलर के करीब आ गई हैं. भारत के लिए यह अच्छी खबर है, क्योंकि अगर तेल की कीमतें 80 डॉलर के नीचे आती हैं, तो हमारी अर्थव्यवस्था और बाजार के लिए यह बूस्टर का काम करेगा. 

क्या अब इनवेस्टमेंट के लिए सही समय है?

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि वॉर रिस्क यानी युद्ध का खतरा अब कम हो रहा है, जिससे एवरीथिंग रैली (हर तरफ तेजी) शुरू हो गई है. चीन की GDP के आंकड़े भी उम्मीद से बेहतर आए हैं, जिसने एशिया के दूसरे बाजारों जैसे जापान के निक्केई और हांगकांग के हैंग सेंग में भी जोश भर दिया है. फिलहाल जानकारों की नजर पावर और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर पर है, जो भविष्य में अच्छा रिटर्न दे सकते हैं. हालांकि, अभी भी कच्चे तेल की चाल पर नजर रखना जरूरी है. 

ये भी पढ़ें: सेंसेक्स 1,264 अंक उछला, निफ्टी 24,231 के पार; ईरान-अमेरिका वार्ता की उम्मीद ने भरा जोश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >