इंडिया-EU ट्रेड डील से बढ़ी रौनक, सेंसेक्स पहुंचा 82,000 के पार

Indian Stock Market 28 January 2026: सेंसेक्स और निफ्टी में आज बड़ी बढ़त दिखी. भारत-EU ट्रेड डील से ऑटो सेक्टर में हलचल है. जानें टाटा मोटर्स और मारुति के शेयरों के साथ आपकी जेब पर इसका क्या असर होगा.

Indian Stock Market 28 January 2026: आज सुबह जब शेयर बाजार खुला, तो दलाल स्ट्रीट पर रौनक देखने को मिली. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान के साथ बढ़त बनाकर ट्रेड कर रहे हैं. सुबह करीब 9:17 बजे सेंसेक्स ने 451 पॉइंट्स की छलांग लगाकर 82,308 के लेवल को छुआ, वहीं निफ्टी भी 145 पॉइंट्स ऊपर चढ़कर 25,321 पर पहुंच गया. बाजार में इस तेजी की सबसे बड़ी वजह ऑटोमोबाइल सेक्टर और भारत-यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुई नई ट्रेड डील को माना जा रहा है. जहां टाटा मोटर्स के शेयर 1% की तेजी के साथ 344 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे, वहीं मारुति सुजुकी के शेयर 2% से ज्यादा गिरकर 14,907 पर आ गए. महिंद्रा और हुंडई में मामूली उतार-चढ़ाव ही देखने को मिला है.

इस डील से आपकी जेब और कारों पर क्या असर पड़ेगा?

भारत और यूरोप के बीच हुई फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) की खबर ने पूरे ऑटो मार्केट का माहौल बदल दिया है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह डील सिर्फ सस्ती लग्जरी कारों के बारे में नहीं है, बल्कि इससे भारतीय कंपनियों के लिए ग्लोबल दरवाजे खुलेंगे. अभी तक भारतीय ऑटो पार्ट्स पर 3% से 15% तक की ड्यूटी लगती थी, जिसे अगले 5-10 सालों में खत्म कर दिया जाएगा. इसका सीधा फायदा यह होगा कि भारतीय कंपोनेंट्स चीन और बाकी देशों के मुकाबले यूरोप में काफी सस्ते हो जाएंगे. वैसे भी यूरोप भारतीय पार्ट्स के लिए सबसे बड़ा बाजार है, जहां हमने इस साल की पहली छमाही में ही 3.7 बिलियन डॉलर से ज्यादा का एक्सपोर्ट किया है.

क्या अब इंडिया बनेगा विदेशी गाड़ियों का हब?

इस एग्रीमेंट के बाद रेनॉल्ट और फॉक्सवैगन जैसी बड़ी कंपनियां अब भारत को सिर्फ एक बाजार की तरह नहीं, बल्कि एक मैन्युफैक्चरिंग हब की तरह देख रही हैं. प्लान यह है कि गाड़ियां इंडिया में बनेंगी और यहीं से पूरी दुनिया में भेजी जाएंगी. सरकार ने अपने देसी ब्रांड्स जैसे टाटा और महिंद्रा का भी पूरा ख्याल रखा है. एक खास प्राइस थ्रेशोल्ड सेट किया गया है, जिसके तहत सिर्फ 15,000 डॉलर (करीब 12.5 लाख रुपये) से महंगी लैंडेड वैल्यू वाली विदेशी गाड़ियों पर ही टैरिफ कम होगा. इससे हमारी लोकल गाड़ियों की सेल पर आंच नहीं आएगी. मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि भले ही विदेशी निवेशक अभी थोड़े सुस्त हों, लेकिन निफ्टी के मजबूत सपोर्ट और पॉजिटिव मोमेंटम को देखते हुए बाजार में जोश बरकरार रहने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: करोड़ों के मालिक थे महाराष्ट्र के डिप्टी CM, जानिए अजित पवार का बिजनेस पोर्टफोलियो और उनकी कुल संपत्ति

ये भी पढ़ें: भारत-EU डील के बाद वाइन, चॉकलेट, फार्मा और ऑलिव ऑयल की कीमतों में भारी गिरावट, जानें क्या-क्या होगा सस्ता?

ये भी पढ़ें: दुनिया का वन-थर्ड बिजनेस अब भारत-EU के हाथ, अश्विनी वैष्णव बोले-ट्रेड डील से बदलेगी ग्लोबल सप्लाई चेन की पूरी तस्वीर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >