ग्रोथ की टेंशन और महंगाई का डर, खुलते ही धड़ाम हुआ भारतीय शेयर बाजार

Indian Stock Market 13 May 2026: शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई है. रुपया गिरने और तेल की कीमतें बढ़ने से निवेशकों की चिंता बढ़ी है. बाजार के इस माहौल में एक्सपर्ट्स ने सुरक्षित रहने की सलाह दी है.

Indian Stock Market 13 May 2026: बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तो बढ़त के साथ हुई थी, लेकिन इन्वेस्टर्स की खुशी ज्यादा देर नहीं टिक पाई. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान में खुलने के बाद धड़ाम से नीचे गिर गए. सेंसेक्स जहां अपनी बढ़त खोकर 74,400 के करीब आ गया, वहीं निफ्टी भी 23,350 के स्तर तक लुढ़क गया. बाजार में इस उतार-चढ़ाव ने इन्वेस्टर्स को चिंता में डाल दिया है. 

क्यों टूट रहा है बाजार?

बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह रुपया और कच्चा तेल हैं. भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 95.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है. इसके अलावा, ईरान संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतें 105 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गई हैं. महंगाई बढ़ने के डर और विदेशी इन्वेस्टर्स (FIIs) द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ा दिया है. 

सोना-चांदी खरीदना होगा महंगा?

सरकार ने बढ़ते विदेशी मुद्रा खर्च को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है. अब सोना, चांदी और प्लैटिनम पर आयात शुल्क (Import Duty) बढ़ा दिया गया है. सोने-चांदी पर ड्यूटी 6% से बढ़ाकर सीधा 15% कर दी गई है. इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में गहने खरीदना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है. 

किन सेक्टरों में है हलचल?

बाजार में जहां एक तरफ गिरावट है, वहीं कुछ सेक्टरों में मजबूती भी दिखी. मेटल और फार्मा सेक्टर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ, सरकारी बैंक (PSU Banks), ऑटो और आईटी सेक्टर में बिकवाली का माहौल है. आयशर मोटर्स और पावर ग्रिड जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि टाटा स्टील और एशियन पेंट्स जैसे शेयरों में खरीदारी देखी गई. 

अब आगे क्या करें इन्वेस्टर्स?

जानकारों का मानना है कि जब तक निफ्टी 23,500 के ऊपर मजबूती से बंद नहीं होता, तब तक बाजार में सावधानी बरतनी जरूरी है. एक्स्पर्ट्स की सलाह है कि अभी कैश बचाकर रखें और केवल सुरक्षित माने जाने वाले जैसे फार्मा या बैंकिंग सेक्टर के मजबूत शेयरों में ही धीरे-धीरे इन्वेस्ट करें. फिलहाल बाजार में वेट एंड वॉच की नीति अपनाना ही समझदारी है. 

ये भी पढ़ें: शादियों के सीजन में सोना-चांदी हुए महंगे, देखें 13 मई के लेटेस्ट रेट्स 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >