FASTag Local Pass: 121 टोल प्लाजा पर अब ऑनलाइन मिलेगा मंथली पास, ऐसे करें अप्लाई

NHAI ने डिजिटल FASTag Local Pass को 121 टोल प्लाजा तक बढ़ाया है. पात्र लोग 20 किमी के दायरे के लिए Rajmargyatra ऐप से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

अगर आप किसी टोल प्लाजा के आसपास रहते हैं और रोज वहां से गुजरते हैं, तो आपके लिए काम की खबर है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने डिजिटल FASTag Local Pass की सुविधा अब देश के 121 टोल प्लाजा तक बढ़ा दी है. इसके तहत पात्र लोग घर बैठे Rajmargyatra मोबाइल ऐप से मंथली Local Pass के लिए आवेदन कर सकते हैं.

इस सुविधा से पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा पर जाकर कागज जमा करने या फिजिकल वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं होगी. यानी अगर आप पात्र हैं, तो पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है.

किन लोगों को मिलेगा Local Pass?

यह सुविधा उन लोगों के लिए है, जो किसी पात्र टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं. पात्र आवेदक को संबंधित टोल प्लाजा के लिए मंथली Local Pass मिलेगा. पास मिलने के बाद वह व्यक्ति उस महीने संबंधित टोल प्लाजा से अनलिमिटेड यात्रा कर सकेगा. ऐसे लोगों के लिए यह सुविधा खास तौर पर काम की हो सकती है, जो रोजाना काम, पढ़ाई या दूसरे जरूरी कामों के लिए उसी रास्ते से आते-जाते हैं.

ऑनलाइन आवेदन में क्या होगा?

Local Pass के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है. सिस्टम सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जानकारी लेकर आवेदक की पात्रता जांचेगा. इसके लिए आवेदक की सहमति के आधार पर DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जानकारी ली जाएगी. इसमें मुख्य रूप से ये चीजें जांची जाएंगी.

  • आवेदक का रिहायशी पता.
  • वाहन की जानकारी.
  • वाहन से जुड़ा FASTag.
  • टोल प्लाजा से रजिस्टर्ड पते की दूरी.

इसके अलावा GIS आधारित जांच से यह देखा जाएगा कि आवेदक का रजिस्टर्ड पता संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं.

ये भी पढ़ें: सालाना 20 रुपये प्रीमियम पर 2 लाख का बीमा, जानिए कौन ले सकता है इस सरकारी योजना का लाभ

यह सुविधा कब और कहां शुरू हुई?

डिजिटल Local Pass की शुरुआत जुलाई 2026 में दिल्ली के Urban Extension Road-II (UER-II) स्थित Mundka-Bakkarwala टोल प्लाजा से हुई थी. अब इसे बढ़ाकर देश के 121 टोल प्लाजा तक पहुंचाया गया है. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक आने वाले महीनों में यह सुविधा और टोल प्लाजा तक बढ़ाई जाएगी. यानी अभी जिन लोगों के पास यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, उन्हें आगे और ऑप्शन मिल सकते हैं.

टोल प्लाजा जाने की जरूरत क्यों नहीं?

डिजिटल सिस्टम शुरू होने से Local Pass के लिए टोल प्लाजा पर जाकर दस्तावेज जमा करने और फिजिकल वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं होगी. सरकार के मुताबिक DigiLocker, VAHAN और GIS आधारित जांच से मैनुअल दस्तावेज और फिजिकल वेरिफिकेशन की जरूरत कम होगी. इससे पात्रता जांचने की प्रक्रिया आसान होगी और मैनुअल दखल भी कम होगा. साथ ही, डिजिटल डेटा के जरिए यह तय किया जाएगा कि आवेदक 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं.

पात्र टोल प्लाजा की लिस्ट कहां देखें?

जो लोग यह देखना चाहते हैं कि उनके आसपास कौन सा टोल प्लाजा डिजिटल Local Pass के लिए पात्र है, वे Rajmargyatra पोर्टल पर उपलब्ध सूची देख सकते हैं. यहां से यह पता लगाया जा सकता है कि संबंधित टोल प्लाजा पर यह सुविधा शुरू हुई है या नहीं.

ये भी पढ़ें: Ladli Behna Yojana : कितने साल तक मिलेगा लाड़ली बहना योजना का लाभ? मध्य प्रदेश सरकार ने दिया जवाब



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौम्या शाहदेव

सौम्या शाहदेव प्रभात खबर डिजिटल में बिजनेस कंटेंट राइटर हैं. वह शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, टैक्स, सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और रोजमर्रा की आर्थिक खबरों को सरल और सटीक भाषा में पाठकों तक पहुंचाती हैं. उनका फोकस ऐसी खबरें लिखने पर रहता है जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और जेब पर असर डालती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >