नयी दिल्ली: सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज (सीबीडीटी) ने अब तक 91 लाख से अधिक आयकर दाताओं को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स रिफंड दिया है. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने यह जानकारी दी है. न्यूज एजेंसी एएनआई ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के हवाले से कहा है कि 1 अप्रैल 2021 से 1 नवंबर 2021 तक सीबीडीटी ने 91.30 लाख टैक्सपेयर्स को 1,12,489 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड जारी किया है.
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा है कि सीबीडीटी ने इस अवधि के दौरान आयकर के 89,53,923 मामलों में 33,548 करोड़ रुपये का रिफंड दिया गया, जबकि कॉरपोरेट रिफंड के 1,75,692 मामलों में 78,942 करोड़ रुपये जारी किये गये.
आयकर विभाग ने कहा है कि जो पैसे लौटाये गये हैं, उसमें 58.22 लाख रिफंड पिछले वित्तीय वर्ष का है. कहा गया है कि वर्ष 2021-22 में आयकर रिटर्न दाखिल करने वाले 58.22 लाख लोगों को इस वर्ष 11,086.89 करोड़ रुपये लौटाये गये हैं.
