चुनाव परिणाम से पहले निवेशकों का सतर्क रुख, शेयर बाजारों में गिरावट
मुंबई : पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम आने से पहले निवेशकों द्वारा सतर्क रुख अपनाये जाने से घरेलू शेयर बाजारों में आज दूसरे दिन भी गिरावट रही और सेंसेक्स 98 अंक टूट गया. कारोबारियों का कहना है कि विधानसभा चुनावों के परिणाम को लेकर बेचैनी और फेडरल रिजर्व द्वारा दर बढ़ाने की अटकलों […]
मुंबई : पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम आने से पहले निवेशकों द्वारा सतर्क रुख अपनाये जाने से घरेलू शेयर बाजारों में आज दूसरे दिन भी गिरावट रही और सेंसेक्स 98 अंक टूट गया. कारोबारियों का कहना है कि विधानसभा चुनावों के परिणाम को लेकर बेचैनी और फेडरल रिजर्व द्वारा दर बढ़ाने की अटकलों को लेकर बाजार पर नकारात्मक असर रहा.
विधानसभा चुनावों के एक्जिट पोल सर्वेक्षण कल से आने शुरू होंगे जबकि परिणाम शनिवार को आंएगे. बीएसई का तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के दौरान 28,815.48 अंक तक टूटा और अंतत: 97.62 अंक की गिरावट दिखाता हुआ 28,901.94 अंक पर बंद हुआ. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 22.60 अंक गिरकर 8,924.30 अंक पर बंद हुआ.
बिकवाली दबाव का सबसे अधिक असर टाटा स्टील पर दिखा जिसका शेयर 1.89 प्रतिशत टूटा. वहीं ओएनजीसी के शेयर में 1.78 प्रतिशत की गिरावट आई. इन्फोसिस, गेल, आरआईएल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोल इंडिया व टाटा मोटर्स के शेयर में भी गिरावट दर्ज की गई.
वहीं एसबीआई, टीसीएस, पावरग्रिड, सिप्ला, एचडीएफसी बैंक व सन फार्मा का शेयर लाभ के साथ बंद हुआ. भारत संचार निगम लिमिटेड के साथ विलय की बातचीत फिर शुरू होने पर एमटीएनएल का शेयर 16.04 प्रतिशत उछल गया.