जमालपुर में अब पंचायत में ही होगा पेंशन, राशन कार्ड और दाखिल-खारिज का समाधान

Jamalpur News: मुंगेर के जमालपुर प्रखंड में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और दस्तावेजों के लिए अब दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. पंचायत स्तर पर लगने वाले सहयोग शिविर में कई जरूरी सेवाओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा.

Jamalpur News: जमालपुर, मुंगेर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट — मुंगेर जिले के जमालपुर प्रखंड की सभी 10 पंचायतों में ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसकी शुरुआत मंगलवार को इटहरी पंचायत से हो रही है, जहां पंचायत सरकार भवन में शिविर लगाया जाएगा. प्रशासन का दावा है कि इस पहल से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और प्रमाण पत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.

एक ही जगह मिलेगी कई सरकारी सेवाएं

प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ प्रभात रंजन ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर यह सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है. शिविर में पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, लगान रसीद और दाखिल-खारिज जैसी समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया जाएगा.

ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी-छोटी सरकारी प्रक्रियाओं के लिए लोगों को कई बार प्रखंड और अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं. इससे समय और आर्थिक परेशानी दोनों बढ़ती हैं. प्रशासन का मानना है कि पंचायत स्तर पर शिविर लगाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी और सरकारी सेवाओं की पहुंच गांव तक आसान हो सकेगी.

इटहरी पंचायत से शुरू हो रहा अभियान

19 मई मंगलवार को इटहरी पंचायत सरकार भवन में पहला सहयोग शिविर आयोजित होगा. इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे. लोगों से जरूरी दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचने की अपील की गई है ताकि मौके पर ही आवेदन और समस्याओं का समाधान किया जा सके.

बांक पंचायत में भी लगेगा अगला शिविर

प्रखंड प्रशासन ने बताया कि आगामी 2 जून को बांक पंचायत के उच्च विद्यालय परिसर में भी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा अन्य पंचायतों में भी अलग-अलग तिथियों पर शिविर लगाए जाएंगे. प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से ग्रामीणों का काम आसान होगा और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा.

Also Read: बिहार में वीडियो कॉल से होगी आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी, पूरे बिहार में लागू होगी नई व्यवस्था

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.