Harley-Davidson X440: भारतीय बाजार के लिए सबसे किफायती हार्ले आपके लिए कितनी सही?

Harley-Davidson X440 भारतीय बाजार में कंपनी की सबसे किफायती बाइक है. 440cc इंजन, 6-स्पीड गियरबॉक्स, डुअल-चैनल ABS और TFT डिस्प्ले जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ यह क्लासिक रोडस्टर स्टाइल पेश करती है. तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध यह मोटरसाइकिल रोजाना की सवारी और वीकेंड राइड्स, दोनों के लिए उपयुक्त है.

Harley-Davidson का नाम सुनते ही दिमाग में भारी-भरकम अमेरिकी क्रूजर और उनकी गूंजती आवाज आती है. लेकिन इन मोटरसाइकिलों की ऊंची कीमत ने हमेशा भारतीय युवाओं को दूरी पर रखा. इसी अंतर को पाटने के लिए कंपनी ने Hero MotoCorp के साथ साझेदारी की और पेश किया Harley-Davidson X440. 2.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर यह बाइक ब्रांड की अब तक की सबसे सुलभ पेशकश है, जो क्लासिक स्टाइल और आधुनिक तकनीक का अनोखा मेल है.

इंजन और परफॉर्मेंस

X440 में 440cc सिंगल-सिलेंडर, एयर-ऑयल कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 27 bhp और 38 Nm टॉर्क पैदा करता है. मजबूत टॉर्क आउटपुट इसे शहर की ट्रैफिक और हाईवे दोनों पर आरामदायक बनाता है. 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ असिस्ट और स्लिपर क्लच दिया गया है, जिससे क्लच हल्का लगता है और डाउनशिफ्टिंग के दौरान रियर व्हील लॉक होने का खतरा कम होता है.

चेसिस, सस्पेंशन और ब्रेकिंग

बाइक स्टील ट्रेलिस फ्रेम पर बनी है, जो स्थिरता और मजबूती देता है. इसमें 43 mm USD फ्रंट फोर्क्स और गैस-चार्ज्ड ट्विन रियर शॉक्स हैं. ब्रेकिंग के लिए 320 mm फ्रंट और 240 mm रियर डिस्क के साथ डुअल-चैनल ABS दिया गया है. 18-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर व्हील्स पर MRF Zapper Hyke ट्यूबलेस टायर लगे हैं, जो भारतीय सड़कों पर बेहतर ग्रिप करते हैं.

डिजाइन और फीचर्स

X440 का डिजाइन क्लासिक रोडस्टर स्टाइल में है- राउंड LED हेडलैम्प, मस्कुलर फ्यूल टैंक और सीधी राइडिंग पोजिशन. लेकिन फीचर्स पूरी तरह आधुनिक हैं. इसमें 3.5-इंच TFT डिस्प्ले है जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ आता है. इससे नेविगेशन, कॉल/मैसेज अलर्ट और म्यूजिक कंट्रोल संभव है. H-D Connect ऐप से डायग्नोस्टिक्स, लोकेशन ट्रैकिंग और जियो-फेंसिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं. USB चार्जिंग पोर्ट, गियर पोजिशन इंडिकेटर और डिस्टेंस-टू-एम्प्टी रीडआउट इसे और प्रैक्टिकल बनाते हैं.

वेरिएंट्स और प्रैक्टिकलिटी

X440 तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है- Denim, Vivid और S. Denim बेस मॉडल है जिसमें स्पोक व्हील्स और सिंगल-टोन कलर हैं. Vivid में अलॉयव्हील्स और डुअल-टोन पेंट मिलता है. S टॉप वेरिएंट है जिसमें डायमंड-कट अलॉय व्हील्स और प्रीमियम फिनिश के साथ पूरी कनेक्टिविटी फीचर्स दिये गए हैं. 805 mm सीट हाइट और 190.5 kg वजन के साथ यह बाइक रोजाना की सवारी और वीकेंड राइड्स, दोनों के लिए उपयुक्त है.

यह भी पढ़ें: TVS Apache RTR 200 4V: दमदार डिजाइन, जबरदस्त माइलेज और स्मार्ट टेक्नोलॉजी वाली 200cc बाइक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

राजीव, 14 वर्षों से मल्टीमीडिया जर्नलिज्म में एक्टिव हैं. टेक्नोलॉजी में खास इंटरेस्ट है. इन्होंने एआई, एमएल, आईओटी, टेलीकॉम, गैजेट्स, सहित तकनीक की बदलती दुनिया को नजदीक से देखा, समझा और यूजर्स के लिए उसे आसान भाषा में पेश किया है. वर्तमान में ये टेक-मैटर्स पर रिपोर्ट, रिव्यू, एनालिसिस और एक्सप्लेनर लिखते हैं. ये किसी भी विषय की गहराई में जाकर उसकी परतें उधेड़ने का हुनर रखते हैं. इनकी कलम का संतुलन, कंटेंट को एसईओ फ्रेंडली बनाता और पाठकों के दिलों में उतारता है. जुड़िए rajeev.kumar@prabhatkhabar.in पर

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >