अगर आप एक भरोसेमंद और फीचर-पैक कम्यूटर बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो Hero Super Splendor XTEC आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकती है. Super Splendor पहले से ही अपनी दमदार परफॉर्मेंस, बेहतरीन माइलेज और भरोसे के लिए जानी जाती है. वहीं बात करें XTEC वेरिएंट की तो, इसमें मॉडर्न टेक्नोलॉजी का तड़का लग जाता है. लेकिन अपनी मेहनत की कमाई लगाने से पहले, इसके बारे में 5 जरूरी बातें जान लेना आपके लिए बेहद फायदेमंद रहेगा. आइए जानते हैं फिर.
माइलेज पर खास फोकस
Hero का दावा है कि यह बाइक 68 kmpl तक का माइलेज देती है. साथ में इसमें आपको 12 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक मिल जाता है. रोजाना ऑफिस आना-जाना हो या कभी-कभार हाईवे पर निकलना, यह बाइक हर जगह आपका अच्छा साथ निभाती है. हालांकि, असली माइलेज आपकी राइडिंग स्टाइल, सड़क और ट्रैफिक पर डिपेंड करेगा.
भरोसेमंद 125cc इंजन सेटअप
इस बाइक में 124.7cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है. यह 10.7 bhp की पावर और 10.6 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. खास बात यह है कि इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जबकि 125cc सेगमेंट की कई बाइक्स अब भी 4-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आती हैं. परफॉर्मेंस के मामले में यह इंजन रेसिंग के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आरामदायक, स्मूद और बेहतरीन माइलेज वाली राइड के लिए ट्यून किया गया है.
मॉडर्न फीचर्स
XTEC में आपको पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. यह रियल टाइम माइलेज दिखाता है. साथ ही, Bluetooth कनेक्टिविटी की मदद से कॉल और SMS अलर्ट भी सीधे डिस्प्ले पर मिल जाते हैं. लंबी राइड्स के दौरान आपका फोन चार्ज रहे, इसके लिए USB चार्जर भी दिया गया है.
सेफ्टी और सुविधा से जुड़े फीचर्स
Hero ने इस बाइक में i3S (Idle Stop-Start System) दिया है. यानी ट्रैफिक में रुकने पर यह इंजन को अपने आप बंद कर देता है और क्लच दबाते ही फिर से स्टार्ट कर देता है. इससे फ्यूल की बेवजह की खपत कम होती है और माइलेज बेहतर मिलता है. वहीं, सेफ्टी के लिए साइड स्टैंड इंजन कट-ऑफ फीचर भी मिलता है. यानी अगर साइड स्टैंड नीचे है तो बाइक आगे नहीं बढ़ेगी. इसके अलावा, LED हेडलैंप न सिर्फ रात में शानदार रोशनी देता है, बल्कि बाइक के लुक को भी काफी मॉडर्न और प्रीमियम बना देता है.
वेरिएंट और कीमत: कौन-सा ऑप्शन रहेगा बेहतर?
Super Splendor XTEC दो वेरिएंट्स में आती है. पहला ड्रम और दूसरा डिस्क ब्रेक. ड्रम वेरिएंट की कीमत करीब ₹84,448 है, जबकि डिस्क वेरिएंट लगभग ₹88,044 में मिलता है. दोनों के बीच कीमत का अंतर ज्यादा नहीं है. ऐसे में अगर आप रोज शहर की ट्रैफिक भरी सड़कों पर बाइक चलाते हैं, तो फ्रंट डिस्क ब्रेक वाला वेरिएंट बेस्ट रहेगा.
यह भी पढ़ें: Bajaj Chetak 2026 अपडेट: अब ज्यादा रेंज, तेज स्पीड और स्मार्ट फीचर्स के साथ EV स्कूटर हुआ और पावरफुल
