सुबह उठकर देखा कि आपकी EV चार्ज होने के बावजूद स्टार्ट नहीं हो रही? ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है. कई बार एक छोटी-सी गलती या मामूली तकनीकी समस्या गाड़ी के स्टार्ट न होने की वजह बन जाती है. हालांकि अच्छी बात यह है, कि इनमें से कई समस्याओं की पहचान आप खुद भी कर सकते हैं. आइए जानते हैं कुछ ऐसे आसान तरीके, जो आपकी इलेक्ट्रिक कार को फिर से सड़क पर दौड़ाने में मदद कर सकते हैं.
12-वोल्ट बैटरी की कंडीशन चेक करें
कई लोगों को लगता है कि EV सिर्फ बड़ी बैटरी से चलती है, लेकिन ऐसा नहीं है. इलेक्ट्रिक कारों में एक 12-वोल्ट की सहायक बैटरी भी होती है, जो स्टार्टअप सिस्टम और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स को पावर देती है. अगर यह बैटरी डिस्चार्ज हो जाए, तो गाड़ी स्टार्ट होने में दिक्कत आ सकती है. ऐसे में सबसे पहले यह कन्फर्म करें कि 12-वोल्ट बैटरी चार्ज है या नहीं. हालांकि, खुद से जंप-स्टार्ट करने की कोशिश करने के बजाय किसी प्रशिक्षित तकनीशियन की मदद लेना बेहतर रहेगा.
चार्जिंग केबल और पोर्ट की जांच करें
अगर आपने रातभर गाड़ी को चार्जिंग पर लगाया था, लेकिन सुबह बैटरी चार्ज नहीं मिली, तो चार्जिंग केबल और पोर्ट को चेक करें. कई बार केबल में खराबी, ढीला कनेक्शन या चार्जिंग पोर्ट में धूल-मिट्टी जमा होने की वजह से बैटरी ठीक से चार्ज नहीं हो पाती. साथ ही यह भी ध्यान रखें कि चार्जिंग पोर्ट पूरी तरह बंद हो, क्योंकि कई EV में सुरक्षा कारणों से पोर्ट खुला रहने पर गाड़ी स्टार्ट नहीं होती.
डैशबोर्ड पर दिखाई देने वाले वार्निंग संकेतों को नजरअंदाज न करें
आज की ज्यादातर मॉडर्न इलेक्ट्रिक कारें एडवांस्ड डायग्नोस्टिक सिस्टम के साथ आती हैं. अगर गाड़ी में किसी तरह की तकनीकी समस्या होती है, तो डैशबोर्ड पर वार्निंग लाइट या अलर्ट दिखाई देता है. अगर कोई असामान्य संकेत दिखाई दे रहा है, तो गाड़ी की यूजर मैनुअल देखें या फिर अधिकृत सर्विस सेंटर (Authorized Service Center) से संपर्क करें. कई बार वार्निंग लाइट ही समस्या की सही वजह बता देती है.
सॉफ्ट रीसेट करके देखें
कभी-कभी EV का सॉफ्टवेयर या इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम टेंपरेरी गड़बड़ी का शिकार हो सकता है. ऐसी स्थिति में सॉफ्ट रीसेट मददगार साबित हो सकता है. इसके लिए गाड़ी को पूरी तरह बंद करें, कुछ मिनट तक इंतजार करें और फिर दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश करें. इससे ऑनबोर्ड सिस्टम रीसेट हो सकते हैं और छोटी-मोटी तकनीकी समस्याएं अपने आप दूर हो सकती हैं.
समस्या बनी रहे तो सर्विस सेंटर से संपर्क करें
अगर ऊपर बताए गए सभी उपाय आजमाने के बाद भी आपकी EV स्टार्ट नहीं हो रही है, तो गाड़ी को खुद ठीक करने की कोशिश न करें. ऐसे में अधिकृत सर्विस सेंटर या कंपनी की रोडसाइड असिस्टेंस सर्विस से संपर्क करना सबसे सुरक्षित ऑप्शन होगा. प्रशिक्षित तकनीशियन समस्या की सही पहचान कर उसे जल्दी और सुरक्षित तरीके से ठीक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: मुंबई क्रैश के बाद चर्चा में BMW Z4, जानिए कितनी स्पीड और पावर देती है यह स्पोर्ट्स कार
