Toll Plaza Mistakes: हाईवे पर टोल प्लाजा पार करना भले ही एक रोजमर्रा की बात लगे, लेकिन कई ड्राइवर छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं. ये गलतियां आगे चलकर जुर्माना, FASTag से जुड़ी परेशानी, गाड़ी को नुकसान या यहां तक कि हादसे की वजह बन सकती हैं. अगर आप लंबी यात्रा पर निकल रहे हैं, तो टोल प्लाजा पर क्या नहीं करना चाहिए यह जानना उतना ही जरूरी है जितना सही तरीके से ड्राइव करना. आइए जानते हैं कुछ ऐसी बातें, जिन्हें हर कार मालिक को टोल प्लाजा क्रॉस करते समय जरूर ध्यान में रखना चाहिए.
टोल बैरियर पर आगे वाली गाड़ी से चिपककर न चलें
टोल प्लाजा पर अक्सर कई ड्राइवर जल्दी निकलने के चक्कर में आगे वाली गाड़ी से बहुत कम दूरी बनाकर चलते हैं. उन्हें लगता है कि जैसे ही सामने वाली गाड़ी निकलेगी, वे भी तुरंत निकल जाएंगे. लेकिन यही जल्दबाजी भारी पड़ सकती है. कई बार पहली गाड़ी के गुजरते ही बूम बैरियर अचानक नीचे आ जाता है, और अगर आपकी कार बहुत पास है तो उसका सीधा नुकसान विंडशील्ड, बोनट या FASTag लगे हिस्से पर हो सकता है.
बैरियर को कभी टकर न मारें
कई ड्राइवर जल्दी के चक्कर में बैरियर बंद होने से पहले निकलने की कोशिश करते हैं. लेकिन यह छोटी-सी जल्दबाजी भारी पड़ सकती है. हल्की-सी टक्कर भी सेंसर, कैमरा या बैरियर आर्म को डैमेज कर सकती है. ऐसे में टोल ऑपरेटर आपसे रिपेयर का खर्च वसूल सकते हैं और मामला रिपोर्ट भी हो सकता है.
टोल प्लाजा के पास गाड़ी तेज न चलाएं
टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार में गाड़ी ले जाना बड़ा जोखिम भरा हो सकता है. आपके आगे चल रही गाड़ी अचानक रुक सकती है. कभी पेमेंट में दिक्कत की वजह से, तो कभी स्कैनर काम न करने पर. ऐसे में अगर स्पीड ज्यादा हो, तो हादसे का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए टोल प्लाजा पहुंचने से काफी पहले ही गाड़ी की स्पीड कम कर लेनी चाहिए, खासकर बारिश, घने कोहरे या जब सड़क पर भारी ट्रकों की आवाजाही ज्यादा हो.
टोल प्लाजा के इंस्ट्रक्शंस को इग्नोर न करें
टोल प्लाजा पर लगे बोर्ड बहुत काम की जानकारी देते हैं. इनमें बताया जाता है कि कौन-सी लेन FASTag वाली है, कहां कैश देने की सुविधा है, बड़े गाड़ियों को किस तरफ जाना है और इमरजेंसी में क्या नियम हैं. लेकिन कई लोग इन बोर्ड्स पर ध्यान नहीं देते और आखिरी समय पर अचानक लेन बदलने लगते हैं. इससे ट्रैफिक गड़बड़ा जाता है और टोल के पास संकरी जगह पर गाड़ी टकराने का खतरा भी बढ़ जाता है.
क्रॉसिंग के समय फोन यूज न करें
टोल प्लाजा पर गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन यूज न करें. यह काफी जोखिम भरा हो सकता है. यहां ट्रैफिक अक्सर ज्यादा होता है और कई गाड़ियां एक-दूसरे के बेहद करीब होकर लेन बदलती या आगे बढ़ती हैं. ऐसे में अगर आपका ध्यान फोन पर चला जाए, तो अचानक ब्रेक लगाने, दूसरी गाड़ी से हल्की टक्कर होने या पेमेंट क्लियर होने के बाद समय पर गाड़ी आगे न बढ़ाने जैसी स्थिति बन सकती है.
गलत FASTag लेन में जाने से बचें
अगर आप हाईवे ट्रिप पर निकलने वाले हैं, तो FASTag का स्टेटस एक बार जरूर चेक कर लें. कई बार लोग सीधे FASTag वाली लेन में घुस जाते हैं और बाद में पता चलता है कि टैग में बैलेंस कम है या फिर वह ब्लैकलिस्ट हो चुका है. ऐसी सिचुएशन में सिर्फ परेशानी ही नहीं होती, बल्कि कई टोल प्लाजा पर दोगुना टोल भी देना पड़ सकता है.
स्कैनर के नीचे न रुकें
कई लोग टोल प्लाजा पर FASTag स्कैनर के ठीक नीचे गाड़ी रोक देते हैं. लेकिन यही छोटी सी गलती बड़ी परेशानी बन सकती है. अगर आप बहुत जल्दी या बहुत आगे जाकर रुकते हैं, तो FASTag सही तरीके से स्कैन नहीं हो पाता. फिर टोल स्टाफ को गाड़ी दोबारा स्कैन करनी पड़ती है, जिससे आपके पीछे लगी पूरी लाइन की रफ्तार धीमी हो जाती है.
टोल लेन में कभी भी गाड़ी पीछे न करें
टोल प्लाजा पर अगर आप गलती से गलत लेन में घुस जाएं, तो गाड़ी को पीछे करने की कोशिश बिल्कुल न करें. ऐसा करने से पीछे खड़ी गाड़ियों के बीच कन्फ्यूजन पैदा हो सकता है और टक्कर का खतरा भी बढ़ जाता है. असल में, हाईवे अथॉरिटीज भी टोल लेन के अंदर रिवर्स लेने से मना करती हैं, क्योंकि वहां लगे कैमरे और सेंसर सिर्फ आगे बढ़ने वाले ट्रैफिक को ध्यान में रखकर काम करते हैं. अगर कभी आप गलत लेन में पहुंच जाएं, तो सबसे सही तरीका यही है कि टोल स्टाफ के इंस्ट्रक्शन मानें और उनकी मदद से आगे की प्रोसेस पूरी करें.
यह भी पढ़ें: कार के डोर हैंडल पर दिखने वाला ये छोटा सा ब्लैक डॉट क्या करता है? ज्यादातर ड्राइवर नहीं जानते
